
नईदुनिया प्रतिनिधि, उमरिया। नेशनल हाईवे-43 पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा तेज रफ्तार मोटरसाइकिल और बोलेरो वाहन के बीच हुई जोरदार टक्कर के कारण हुआ।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो मोटरसाइकिल को अपने साथ काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई। इस दौरान सड़क पर घर्षण होने से मोटरसाइकिल में आग लग गई और वह जलने लगी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में मोटरसाइकिल सवार सत्येंद्र सिंह पिता राममिलन सिंह (23 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद चंद्रिका सिंह पिता दल सिंह (19 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक लमरो मझगवां के निवासी बताए गए हैं। दुर्घटना में घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मोटरसाइकिल की बोलेरो से टक्कर के बाद बोलेरो ड्राइवर वाहन को रोक नहीं पाया और बाइक काफी दूर तक उसके साथ घिसटती चली गई। इस दौरान मोटरसाइकिल में आग लग गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद बाइक आग की चपेट में आ गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद संबंधित पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं, वहीं घायल युवक की हालत को लेकर परिजन चिंतित हैं।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में संविधान रक्षा दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में लोग भूले जिम्मेदारी, पीछे छोड़ गए कचरे का ढेर