
नईदुनिया प्रतिनिधि, उमरिया। मानपुर से सटे ग्राम लखनोटी में शुक्रवार की सुबह बाघिन और उसके तीन शावकों की मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी।
बताया जाता है कि सुबह कुछ ग्रामीण निस्तार के लिए गांव से लगे मछली तालाब की ओर गए थे,तभी अचानक उनकी नजर बाघिन और उसके तीन शावकों पर पड़ी। बाघिन के इस कुनबे की इंसानी आबादी के इतने करीब मौजूदगी से ग्रामीणों में भय व्याप्त है।
खबर है कि बाघिन और उसके शावकों की गतिविधियां स्थानीय निवासी दशरथ बैगा,बालकदास और रामबल सिंह के घरों के बिल्कुल करीब देखी गई हैं। ऐसे में ग्रामीणों को अपने परिवार और मवेशियों की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है।
फिलहाल बाघिन किसी मवेशी का शिकार नहीं की है।घटना की सूचना मिलते ही बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व का वन अमला मौके पर पहुंचा और बाघिन व शावकों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए मूवमेंट की जांच शुरू कर दी।फिलहाल पार्क प्रबंधन स्थिति पर निगरानी बनाए हुए है।
ग्रामीणों का कहना है कि आबादी के इतने करीब बाघिन और शावकों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग को लगातार निगरानी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने चाहिए,ताकि किसी अनहोनी से पहले जरूरी कदम उठाए जा सकें।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में महिला कांग्रेस में जातिसूचक टिप्पणी और मारपीट पर विवाद, प्रदेश अध्यक्ष बोलीं- शिकायत झूठी