मात्र एक और मौत से टूट जाएंगे पिछले कई रिकार्ड
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में पिछले 6 वर्षों में कुल 81 बाघों की जान जा चुकी है। बांधवगढ़ में बाघों की मौत का सालाना आंकड़ा देखें तो वर्ष 2020 में 11, 2021 में 15, 2022 में 7, 2023 में 12, 2024 में 13 और 2025 में 8 बाघों की मौत हुई थी। इस साल यह आंकड़ा फिर 15 तक पहुंच गया है। इससे बाघों की सुरक्षा और उनके प्राकृतिक रहवास के आसपास बढ़ते खतरे को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
टाइगर रिजर्व के बाहर भी गई जान
इस साल बाघों की मौत की कई घटनाएं टाइगर रिजर्व के कोर और बफर क्षेत्र से बाहर हुई हैं। 8 जनवरी को धमोखर बफर की रायपुर बीट के कुदरी टोला में कुएं में बाघ का शव मिला था। 16 जनवरी को पुटपुरा गांव के खेरवा हार में करंट लगने से बाघ शावक की मौत हुई।
6 अप्रैल को वन विकास निगम की चंदिया रेंज के चंदवार बीट में बाघ का पुराना शव मिला। वहीं, 24 मई को पनपथा क्षेत्र के खेरवा गांव में घर में घुसे बाघ की ट्रेंकुलाइज करने के दौरान मौत हो गई। इन घटनाओं ने टाइगर रिजर्व से लगे ग्रामीण और राजस्व क्षेत्रों में वन्यजीवों की सुरक्षा की चुनौती को उजागर किया है।
बीमारी और प्राकृतिक कारण भी बने मौत की वजह
17 मार्च को मानपुर बफर क्षेत्र के बनवाई नाले के पास राजस्व क्षेत्र में बीमार हालत में मिली बाघिन की बहेरहा बाड़े में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद 6 अक्टूबर को करीब 15 वर्षीय बाघिन डॉटी की बीमारी के बाद मौत हुई।
वहीं, 19 अक्टूबर को मानपुर बफर की देवरी बीट में मिले करीब नौ वर्षीय बाघ के शव को लेकर भी प्राकृतिक मौत की आशंका जताई जा रही है।
इस साल हुई बाघों की मौत
7 जनवरी: ताला परिक्षेत्र की कथली बीट में बाड़े से लापता कांटीवाह बाघिन के शावक का शव मिला।
8 जनवरी: धमोखर बफर की रायपुर बीट के कुदरी टोला में कुएं में बाघ मृत मिला।
16 जनवरी: पुटपुरा गांव के खेरवा हार में करंट लगने की आशंका में बाघ शावक की मौत।
20 जनवरी: मानपुर बफर के गुरवाही में आपसी संघर्ष में पांच वर्षीय मादा बाघ की मौत।
17 मार्च: मानपुर बफर के बनवाई नाले के पास बीमार मिली बाघिन की उपचार के दौरान मौत।
6 अप्रैल: वन विकास निगम की चंदिया रेंज के चंदवार बीट में बाघ का पुराना शव मिला।
15 अप्रैल: पनपथा कोर की बघडो बीट में बाघ शावक मृत मिला।
21 अप्रैल: ताला की भद्रशिला बीट में घायल मिले शावक की मुकुंदपुर में उपचार के दौरान मौत।
11 मई: खितौली की बगदरी बीट में पुजारी बाघ की मौत।
24 मई: पनपथा के खेरवा गांव में घर में घुसे बाघ की ट्रेंकुलाइज करने के दौरान मौत।
10 जुलाई: मझखेता में बाघ की हड्डियां मिलीं।
17 जुलाई: धमोखर के चॉपर गांव में तीन से चार माह के शावक की मौत।
3 अगस्त: मानपुर रेंज की मानपुर बीट में चार से पांच वर्षीय बाघ का शव मिला। उसका पिछला हिस्सा गायब था।
6 अक्टूबर: करीब 15 वर्षीय बाघिन डॉटी की प्राकृतिक मौत।
19 अक्टूबर: मानपुर बफर की देवरी बीट में करीब नौ वर्षीय बाघ मृत मिला।
यह भी पढ़ें- नर्सरी की कक्षा लगवाएं क्या... बाघों की मौत पर हाई कोर्ट में सरकारी जवाब ने बढ़ाई किरकिरी