
नईदुनिया प्रतिनिधि, उमरिया। चंदिया थाना क्षेत्र अंतर्गत हाईवे पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 38 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
कटनी से उमरिया की ओर आ रहा एक अनियंत्रित कैप्सूल ट्रक सड़क किनारे दुकान में जा घुसा। इस दौरान दुकान में मौजूद संतोष कुशवाहा ट्रक की चपेट में आ गया, जिससे घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में उसके पिता नत्थू कुशवाहा भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
सोमवार सुबह कैप्सूल वाहन क्रमांक एमपी 18 जेडडी 1174 कटनी से उमरिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान अज्ञात कारणों से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक हाईवे किनारे स्थित नत्थू कुशवाहा की दुकान में घुस गया।
अचानक हुए इस हादसे में संतोष कुशवाहा को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसके पिता नत्थू कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल नत्थू कुशवाहा को 108 एंबुलेंस के जरिए चंदिया अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बताया जाता है कि पीड़ित परिवार पिछले कई वर्षों से हाईवे किनारे कच्चे मकान में रहकर वाहनों की धुलाई के लिए पानी की आपूर्ति करने का काम करता था। इसी व्यवसाय से परिवार का भरण-पोषण होता था। हादसे में बेटे की मौत और पिता के गंभीर रूप से घायल होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
चंदिया हाईवे पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहनों के कारण सड़क किनारे रहने वाले लोगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय स्तर पर ओवरलोड वाहनों की आवाजाही को लेकर भी चिंता जताई जाती रही है।
इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर यातायात सुरक्षा, वाहनों की गति पर नियंत्रण और सड़क किनारे स्थित दुकानों व अस्थायी आवासों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जरूरत को उजागर किया है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में भंडारे में बाइक धीरे चलाने की नसीहत पर बवाल, लाठी-डंडों और चाकू से हमला; आठ लोग घायल