
नईदुनिया प्रतिनिधि, उमरिया। विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में शनिवार, 3 अक्टूबर को खेल जगत की दो प्रमुख हस्तियों का आगमन होगा। ओलिंपिक स्वर्ण पदक विजेता भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा और ओलिंपिक कांस्य पदक विजेता निशानेबाज गगन नारंग बांधवगढ़ के प्राकृतिक सौंदर्य और वन्यजीवों को करीब से देखने पहुंचेंगे।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन की ओर से 2 अक्टूबर को जारी प्रेस नोट के अनुसार, दोनों खिलाड़ी 3 अक्टूबर को रिजर्व के भ्रमण पर रहेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रबंधन ने आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं।
भ्रमण के दौरान नीरज चोपड़ा और गगन नारंग वन अधिकारियों तथा मैदानी स्तर पर कार्यरत वनकर्मियों से संवाद करेंगे। इस दौरान बाघ संरक्षण, वन्यजीवों की सुरक्षा और ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों के संबंध में चर्चा होगी।
वन विभाग के अधिकारी उन्हें रिजर्व में वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों और प्रबंधन की कार्यप्रणाली से अवगत कराएंगे। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में हर साल बड़ी संख्या में भारतीय और विदेशी पर्यटक जंगल सफारी के लिए पहुंचते हैं। नए पर्यटन सत्र की शुरुआत के साथ ही रिजर्व में पर्यटकों की आवाजाही भी शुरू हो गई है।
नीरज चोपड़ा और गगन नारंग जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान रखने वाले खिलाड़ियों का बांधवगढ़ पहुंचना क्षेत्र के पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों खिलाड़ी अपने-अपने खेलों में ओलंपिक पदक जीतकर देश का नाम रोशन कर चुके हैं। उनके भ्रमण के दौरान वन्यजीव संरक्षण और प्रकृति आधारित पर्यटन से जुड़े विषय प्रमुख रहेंगे। रिजर्व प्रबंधन द्वारा दौरे के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में गड्ढों की मरम्मत का नया फॉर्मूला, कोल्ड मिक्स एस्फाल्ट से गोहलपुर की सड़कें हुईं समतल