
नईदुनिया प्रतिनिधि, उमरिया। मानपुर क्षेत्र से सटे ग्राम उरदना में मंगलवार देर रात दो से तीन भालुओं के बस्ती में दाखिल होने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। जंगल से निकलकर भालुओं के अचानक आबादी वाले क्षेत्र में पहुंचने से लोग सहम गए।
बताया जा रहा है कि एक-दो नहीं, बल्कि दो से तीन भालू एक साथ गांव के भीतर घूमते नजर आए। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें बस्ती के आसपास भालुओं की मौजूदगी की बात सामने आ रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक, देर रात जब भालू गांव के भीतर पहुंचे तो लोगों में भय का माहौल बन गया। अचानक घरों और आबादी के आसपास जंगली जानवरों की मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी। खासकर रात के समय घरों से बाहर निकलने वाले लोगों, बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीण चिंतित हैं।
घटना की जानकारी वन विभाग को दे दी गई है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर भालुओं की गतिविधियों पर नजर रखेगी और उन्हें सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।उल्लेखनीय है कि उमरिया जिले के आसपास का बड़ा क्षेत्र वन और वन्यजीवों से जुड़ा हुआ है।
जंगल से सटे गांवों में वन्यजीवों की आवाजाही अक्सर देखने को मिलती है। ऐसे में उरदना की घटना ने एक बार फिर जंगल से लगे गांवों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा का सवाल खड़ा कर दिया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से नियमित गश्त कराने और रात के समय सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- ट्रेन में खाने के शौकीनों सावधान : जबलपुर में यात्रियों के लिए टाॅयलेट के पानी से बन रहा था खाना