
नईदुनिया प्रतिनिधि, उमरिया। स्थानीय रेलवे स्टेशन के बाहर टैक्सी ड्राइवरों और कॉलेज के छात्रों के बीच विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यात्रियों को बैठाने की होड़ में शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते झड़प में बदल गया। इस दौरान टैक्सी ड्राइवरों के समूह ने छात्रों के साथ मारपीट की, जिससे कई छात्रों को हल्की चोटें आईं। घटना के बाद छात्र डरे-सहमे रेलवे स्टेशन के अंदर पहुंचे और वहां तैनात महिला रेलकर्मी को मामले की जानकारी दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहडोल से कुछ छात्र उमरिया में कॉलेज आने-जाने के लिए रेलवे स्टेशन का उपयोग करते हैं। स्टेशन के बाहर बड़ी संख्या में टैक्सियां खड़ी रहती हैं। बताया जाता है कि यात्रियों की आवाजाही के दौरान एक छात्र का धक्का कथित तौर पर एक टैक्सी ड्राइवर को लग गया। इस बात को लेकर ड्राइवर नाराज हो गया और छात्र के साथ गाली-गलौज करने लगा।
छात्रों ने जब गाली-गलौज का विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद हाथापाई में बदल गया। आरोप है कि इसके बाद अन्य टैक्सी ड्राइवर भी वहां पहुंच गए और छात्रों के साथ मारपीट करने लगे। इस दौरान कई छात्रों को हल्की चोटें आईं। छात्रों का आरोप है कि टैक्सी ड्राइवरों ने उनका रास्ता रोककर उन्हें कॉलेज नहीं जाने देने की धमकी भी दी।
घटना के बाद भयभीत छात्र रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर तैनात महिला रेलकर्मी के पास पहुंचे और उन्हें पूरी जानकारी दी। इसके बाद महिला रेलकर्मी छात्रों को संबंधित रेलवे थाने ले गईं, जहां मामले की जानकारी दी गई। हालांकि, घटना के संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान और कार्रवाई का विवरण सामने आना बाकी है।
रेलवे स्टेशन के बाहर हुई इस घटना ने यात्रियों और कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों को बैठाने के लिए टैक्सी ड्राइवरों के बीच होने वाली प्रतिस्पर्धा और विवादों पर नियंत्रण के साथ स्टेशन परिसर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत महसूस की जा रही है।
यह भी पढ़ें- उमरिया में ऑनलाइन सफारी बुकिंग से जुड़ी व्यवस्था में बदलाव, अब यह होगा टिकट का नियम