
नईदुनिया प्रतिनिधि, उमरिया। जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मझगवां में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। यहां रहने वाली आशा कार्यकर्ता कुसुम कली यादव के पुराने कच्चे मकान में अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए।
शिकायतकर्ता के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये है। घटना के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और मामले में कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में कुसुम कली यादव ने बताया कि 18 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे परिवार के सदस्य खाना खाने के बाद अपने पुराने कच्चे मकान में सो गए थे। 19 अक्टूबर की सुबह करीब 5 बजे जब वह मकान का दरवाजा खोलने पहुंचीं तो दरवाजा अंदर से बंद मिला।
इसके बाद उन्होंने अपने देवर राजकुमार यादव को बुलाया। जांच करने पर मकान के पीछे की दीवार में छेद दिखाई दिया। इसी रास्ते से चोर अंदर घुसे थे।
पीड़िता के मुताबिक मकान के अंदर रखा सामान अस्त-व्यस्त था। पीछे की तरफ रखी दोनों पेटियों के ताले टूटे हुए थे। पेटियों में रखे करीब 2 लाख 6 हजार रुपये नकद, सोने के चार लॉकेट, दो अंगूठियां, दो चेन, मंगलसूत्र, हाथ की चूड़ियां, कान के झुमके और अन्य आभूषण गायब थे।
चांदी की पायल, पायजेब, बच्चों के आभूषण और 25 बिछिया भी चोरी होने की बात कही गई है। चोर घर के कागजात, बच्चों की अंकसूची सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी ले गए।
कुसुम कली यादव ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वह अपने परिजनों के साथ थाने पहुंचीं। उन्होंने चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार चोरी की वारदात 18 और 19 अक्टूबर की दरमियानी रात हुई। अब पुलिस की जांच से ही घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।
यह भी पढ़ें- संघमित्रा एक्सप्रेस में मुंह छिपाकर लेटा था डकैत, साइबर सेल की सूचना पर आरपीएफ ने जबलपुर में दबोचा