उमरिया में तेंदुए का तांडव, सात ग्रामीणों पर किया हमला; 6-7 साल की बच्ची का चेहरा नोचा
हमले में कठार के पांच बैगा समाज के लोगों सहित एक पटेल और एक केवट समुदाय का व्यक्ति घायल हुआ है।
Publish Date: Wed, 18 Nov 2026 10:01:35 PM (IST)Updated Date: Wed, 18 Nov 2026 10:01:35 PM (IST)
कठार गांव में तेंदुए का ग्रामीणों पर हमला,HighLights
- कठार गांव में तेंदुए का ग्रामीणों पर हमला
- घायलों का हाल जानने नहीं पहुंचे वनकर्मी
- वन विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
नईदुनिया प्रतिनिधि, उमरिया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व अंतर्गत ग्राम कठार में मंगलवार शाम तेंदुए ने सात ग्रामीणों पर हमला कर दिया। हमले में कठार के पांच बैगा समाज के लोगों सहित एक पटेल और एक केवट समुदाय का व्यक्ति घायल हुआ है।
घायलों में छह से सात साल की एक बच्ची भी शामिल है। बताया जा रहा है कि तेंदुए ने बच्ची के चेहरे को बुरी तरह नोच लिया है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। हालांकि, घायलों की वर्तमान स्थिति और उन्हें कहां उपचार के लिए भर्ती कराया गया है, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
मंगलवार की घटना
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम ग्रामीण शौच के लिए जंगल की दिशा में गए थे। इसी दौरान जंगल में छिपकर बैठे तेंदुए ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक के बाद एक कई ग्रामीण तेंदुए का शिकार बने। घायलों में पुरुषोत्तम बैगा सहित बैगा समाज के पांच लोग शामिल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा एक पटेल और एक केवट समुदाय के व्यक्ति पर भी तेंदुए ने हमला किया है।
देर से आई जानकारी
घटना बुधवार देर रात उस समय सामने आई, जब भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री हरीश विश्वकर्मा ने इसकी जानकारी दी। वहीं, सरपंच के परिवार के बृज बिहारी पटेल ने भी घटना की पुष्टि करते हुए घायलों की संख्या और उनकी सामाजिक पृष्ठभूमि के बारे में जानकारी दी।
घायल हुए ग्रामीण
घायलों में दीपमणि पटेल, क्रांति बैगा पिता हीरामणि बैगा, हीरामणि बैगा पिता चुटदाना बैगा, राखी बैगा पिता शौक लाल बैगा, पुरुषोत्तम बैगा पिता राम किशोर बैगा, सत्यराम बैगा पिता अशोक बैगा, अनूप पटेल पिता श्याम किशोर पटेल और विकास केवट शामिल है।
घायलों का हाल जानने तक नहीं पहुंचे वनकर्मी
भाजपा जिला महामंत्री हरीश विश्वकर्मा ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी गंभीर घटना के बाद भी वन विभाग के कर्मचारी गांव पहुंचकर घायलों का हालचाल जानने तक नहीं पहुंचे। जंगल से लगे गांवों में वन्यजीवों की मौजूदगी के बीच ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर यह लापरवाही चिंताजनक है। घटना के बाद ग्रामीणों में भय व्याप्त है और वे वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की अपेक्षा कर रहे हैं।