
नईदुनिया प्रतिनिधि, उमरिया। दोस्तों के साथ नदी किनारे पहुंचा 26 वर्षीय राहुल उर्फ रवि बर्मन शायद यह सोचकर पानी में उतरा होगा कि कुछ देर बाद हंसते-खेलते वापस लौट आएगा, लेकिन छोटी महानदी का गहरा पानी उसकी जिंदगी निगल गया।
रविवार को नदी में डूबे युवक का शव सोमवार सुबह करहिया डैम में मिला। बेटे की सुरक्षित वापसी की उम्मीद में पूरी रात इंतजार करते रहे परिजनों को जैसे ही उसकी मौत की खबर मिली, घर में चीख-पुकार मच गई। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंदिया थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-1 निवासी राहुल बर्मन, पिता राजेश बर्मन, रविवार को अपने दोस्त राज कुशवाहा और चार अन्य साथियों के साथ छोटी महानदी पहुंचा था। बताया जाता है कि साथियों में केवल राहुल ही नहाने के लिए नदी में उतरा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही युवक की तलाश शुरू की गई। सूचना पर पहुंची चंदिया पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम ने बचाव अभियान चलाया। नदी के गहरे पानी और तेज बहाव के कारण तलाश में काफी परेशानी हुई। एसडीईआरएफ की टीम ने नाव की मदद से रविवार देर तक युवक को खोजने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। रातभर परिजन उसके सुरक्षित मिलने की आस लगाए बैठे रहे।
सोमवार सुबह करहिया डैम में युवक का शव दिखाई दिया। नदी के भीतर पत्थरों के बीच फंसे शव को बाहर निकालना बचाव दल के लिए चुनौतीपूर्ण रहा। काफी मशक्कत के बाद सोमवार सुबह करीब 11 बजे शव को बाहर निकाला जा सका। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई शुरू की।
राहुल की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस बेटे के लौटने की उम्मीद में परिजन पूरी रात इंतजार करते रहे, उसकी मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। घटना के बाद चंदिया क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
यह भी पढ़ें- उमरिया जिले के सरकारी स्कूल में खुले तार की चपेट में आई मासूस बच्ची, झटके से हुई बेहोश