
नईदुनिया प्रतिनिधि, उमरिया। स्वास्थ्य व्यवस्था और बदहाल सड़क की तस्वीर एक मरीज की मौत के बाद फिर सवालों के घेरे में है। पीलिया से पीड़ित रवि सिंह को स्वजन उपचार के लिए उमरिया से शहडोल जिले के अमलाई बाइक पर ले जा रहे थे।
रास्ते में घुनघुटी के बिजौरा टोला के पास उसकी मौत हो गई। इस घटना में एंबुलेंस की उपलब्धता और सड़क की स्थिति को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्वजनों ने बताया था कि रवि की तबीयत गंभीर थी और एंबुलेंस नहीं मिलने के कारण वे उसे बाइक से ले जा रहे थे।
दूसरी ओर, मोर्चा फाटक के दोनों तरफ करीब एक-एक किलोमीटर सड़क पर कीचड़ और दलदल होने से आवागमन मुश्किल बताया जा रहा है। बिजौरा टोला के पास की घटना में खराब सड़क की भूमिका भी जांच का विषय है। स्वजनों ने पुलिस को सूचना नहीं दी।
उमरिया जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. केसी सोनी ने इस दावे पर अलग जानकारी दी। उनका कहना है कि रविवार दोपहर बाद तक जिला अस्पताल से किसी मरीज को रेफर नहीं किया गया था। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि रवि को अस्पताल में दिखाया गया था या नहीं और एंबुलेंस की मांग की गई थी या नहीं।
एनएच 43 पर दूसरे दिन भी मोर्चा फाटक के दोनों तरफ कीचड़ की आफत में फंसकर लोग परेशान होते रहे। फाटक के दोनों तरफ लगभग एक-एक किलोमीटर तक उखड़ी हुई सड़क पर डाली गई चिकनी मिट्टी पर हल्की वर्षा की सिंचाई से आफत का दलदल बन गया था।
घुनघुटी चौकी प्रभारी शैलेंद्र सिंह के मुताबिक, सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक स्वजन शव लेकर जा चुके थे। मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
इस स्थिति के अभी अगले कुछ दिनों मौसम खुलने और धूप निकलने तक बने रहने की संभावना है। धूप निकलने के बाद जब मिट्टी सूखेगी तभी रास्ते के ठीक होने की संभावना है।
हालात यह हैं कि पिछले 24 घंटे से अधिक समय से इस मार्ग पर वाहन लगातार फंस रहे हैं। छोटे वाहनों से लेकर भारी वाहनों तक को निकलने में परेशानी हो रही है। कई वाहन सड़क के बीचोंबीच फंस जाने के कारण लंबा जाम लग रहा है। यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
छोटे वाहनों को एनएच की इस आफत से बचाने के लिए उन्हें डायवर्ट किया जा सकता है, लेकिन न तो पुलिस ने इस बारे में विचार किया और न ही जिला प्रशासन ने। उमरिया की तरफ से आने वाले वाहनों को पाली के जीरो ढाबा से सुंदरदादर, तुम्मी छोट, मालाचुआ, औढ़ेरा, शाहपुर, कल्याणपुर होते हुए डायवर्ट किया जा सकता था।
इस सफर में लगभग 20 किमी की दूरी जरूर बढ़ती पर छोटे वाहन जाम में नहीं फंसते। इसी तरह शहडोल से भी छोटे वाहनों को इसी रास्ते से बड़ी आसानी के साथ निकाला जा सकता था। लेकिन इसके लिए न तो पाली में कोई व्यवस्था की गई और न ही शहडोल में, परिणामस्वरूप लोग जाम में फंसकर परेशान होते रहे।
बड़ी बात यह है कि सड़क निर्माण करने वाली कंपनी के लोग यहां पिछले लगभग 12 सालों से मनमानी कर रहे हैं जिससे न सिर्फ निर्माण में देरी हुई बल्कि सड़क की गुणवत्ता पर भी असर हुआ। इसके बाद भी उन पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई
उन्होंने सड़क पर मुरूम की जगह मिट्टी डालकर आम लोगों को परेशानी में डाल दिया। घुनघुटी से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-43 पर दो दिन पहले सड़क पर मिट्टी डलवाई गई थी। इसके बाद हुई बारिश ने सड़क की हालत और बिगाड़ दी। मिट्टी गीली होकर दलदल में तब्दील हो गई है।
घुनघुटी चौकी प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि सड़क पर मिट्टी डलवाने के कारण वाहन लगातार जाम हो रहे हैं। सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि भारी और छोटे वाहन भी ठीक से नहीं निकल पा रहे हैं।
किसी तरह वाहनों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वाहनों को निकालने में पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में जन्मदिन मनाने पब पहुंचे युवक पर राॅड से हमला, सिर पर फोड़ी बियर की बोतल