
नईदुनिया प्रतिनिधि, उमरिया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के रेडियो कॉलर युक्त जंगली हाथी रेडियो कॉलर-4 के रेस्क्यू के संयुक्त अभियान को सफलता मिल गई है।
अभियान में बांधवगढ़ के तीन प्रशिक्षित हाथियों गौतम, सूर्या और श्याम के साथ संजय टाइगर रिजर्व के हाथी बापू को भी लगाया गया।
लगभग 20 वर्ष आयु का नर हाथी मूलतः छत्तीसगढ़ का है। दक्षिण शहडोल वनमंडल के केशवाही क्षेत्र में जनहानि, पशुहानि और फसल क्षति की घटनाओं के बाद 22 मई 2026 को उसका रेस्क्यू कर रेडियो कॉलर लगाया गया था। अगले दिन उसे बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के खितौली परिक्षेत्र की बगदरा बीट में छोड़ा गया था।
इस हाथी की सबसे खास गतिविधि सोन नदी (बाणसागर बांध) को तैरकर पार करना रही। सितंबर में वह करीब 8 से 10 घंटे तक तैरकर मैहर वनमंडल के अमरपाटन क्षेत्र पहुंचा था।
क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय के अनुसार, संयुक्त अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों की सुरक्षा के साथ हाथी को भी सुरक्षित रखना और मानव-हाथी संघर्ष की आशंका को कम करना है।
करीब 20 दिन वहां रहने के बाद उसने दोबारा नदी पार की और बांधवगढ़ लौट आया। हाल ही में वह फिर बाणसागर बांध पार कर मैहर के अमरपाटन क्षेत्र में पहुंच गया था।
आसपास गांवों की मौजूदगी और पूर्व में हुई जनहानि व फसल नुकसान की घटनाओं को देखते हुए मानव-हाथी संघर्ष रोकने के लिए रेस्क्यू का निर्णय लिया गया।
प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्यजीव डॉ. समिता राजोरा के निर्देशन में चलाए गए अभियान में बांधवगढ़ के करीब 20, संजय टाइगर रिजर्व के 10, मैहर वनमंडल के 60 और मुकुंदपुर चिड़ियाघर के 15 अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। वन्यजीव चिकित्सकों की टीम ने भी अभियान में सहभागिता की।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के मेडिकल कॉलेज की महिला क्लर्क को अश्लील मैसेज भेजा, अब होगी डॉक्टर की गिरफ्तारी