
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिरसिंहपुर पाली। एसईसीएल ने नीट मेडिकल परीक्षा की तैयारी कर रहे युवा छात्रों के लिये बीड़ा उठाया है। इस संदर्भ में एसईसीएल जोहिला क्षेत्र के अधिकारी अरिहंत पगडिया व अजय दास ने बताया कि जोहिला क्षेत्र के महाप्रबंधक सुरेन्द्र सिंह चौहान के मार्गदर्शन में सारी व्यवस्था होगी।
चयन प्रक्रिया के तहत बायोलॉजी से 12वीं पास छात्रों को 29 नवंबर को केन्द्रीय विद्यालय नौरोजाबाद में प्रातः 10 बजे आयोजित चयन परीक्षा में सम्मिलित होने का अवसर दिया गया है।
नीट की तैयारी कर रहे छात्रों को 28 नवंबर तक दिए गए लिंक में अपना पंजीयन कराना होगा। चयनित छात्र-छात्राओं को बिलासपुर में कोचिंग सुविधा प्रदान की जाएगी जिसमें अनुभवी श्रेष्ठ शिक्षकों के द्वारा उन्हें कोर्स से संबंधित जानकारी दी जाएगी।
यह सुनहरा अवसर कोयलांचल क्षेत्र के युवाओं को ही दिया जा रहा है। गौरतलब है कि उमरिया जिले में जोहिला क्षेत्र की खदानें उमरिया, पिपरिया, पिनौरा, बिरसिंहपुर पाली, नौरोजाबाद में कोयला उत्पादन का कार्य कर रही हैं।
एसईसीएल के सुश्रुत योजना के अंतर्गत परियोजना प्रभावित परिवारों के बच्चों को व एसईसीएल के खनन क्षेत्रों में लगे कोयलांचल के निवासियों को निश्शुल्क आवासीय नीट कोचिंग के लिए चयन परीक्षा आयोजित की जा रही है।
यह भी पढ़ें- मोबाइल का पासवर्ड खुलते ही खुला दमोह के सूर्यांश की मौत का राज, जबलपुर-सिवनी की युवतियां गिरफ्तार