
नईदुनिया प्रतिनिधि, उमरिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता सवाल उठाते हैं कि बहनों के खातों में इतना पैसा क्यों भेजा जाता है। वे कहते हैं कि आदिवासी बहनें इस पैसे से शराब पीती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे बयानों से स्पष्ट है कि कांग्रेस के नेताओं को बहन-बेटियों के सम्मान की चिंता नहीं है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को उमरिया जिले के गुरुवाही पहुंचे। यहां आयोजित लाड़ली बहना योजना सम्मेलन में उन्होंने प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1500 रुपये प्रति महिला के मान से कुल 1836 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता राशि अंतरित की।
डॉ. यादव ने कहा कि बहन-बेटियों से ही घर की शोभा होती है। महिलाओं का सम्मान और उनका आर्थिक सशक्तीकरण सरकार की प्राथमिकता है। लाड़ली बहना योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सहायता देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
गुरुवाही में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कुल 14,415.93 लाख रुपये की लागत के 136 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया। इनमें 8,731.55 लाख रुपये की लागत के 68 कार्यों का लोकार्पण किया गया, जबकि 5,684.41 लाख रुपये की लागत के 68 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
इन विकास कार्यों के माध्यम से जिले में विभिन्न निर्माण एवं विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में कदम उठाया गया। कार्यक्रम में लाड़ली बहना योजना के हितग्राहियों सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री के गुरुवाही पहुंचने को लेकर क्षेत्र में विशेष तैयारियां की गई थीं। लाड़ली बहना योजना की किस्त अंतरित करने के साथ विकास कार्यों की सौगात देकर सरकार ने महिला सशक्तीकरण और क्षेत्रीय विकास पर अपना जोर प्रदर्शित किया।