
नईदुनिया प्रतिनिधि, उमरिया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों के हमले की एक और दर्दनाक घटना सामने आई है। पनपथा बफर क्षेत्र के छतवा परिक्षेत्र अंतर्गत जमुनिया के जंगल में बाघ के हमले से एक चरवाहे की मौत हो गई। मृतक की पहचान राजेन्द्र यादव के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि वह बुधवार देर शाम अपने मवेशियों को खोजने के लिए जंगल की ओर गया था। इसी दौरान उसका सामना बाघ से हो गया और बाघ ने उस पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना बुधवार देर शाम की बताई जा रही है, लेकिन इसकी जानकारी आधी रात के बाद सामने आई। मामला सामने आते ही बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व का अमला सक्रिय हुआ और टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। वन विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण कर घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। घटनास्थल के आसपास बाघ के पगमार्क भी मिले हैं, जिससे बाघ की मौजूदगी की पुष्टि हुई है।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। जंगल से लगे गांवों में रहने वाले लोगों के लिए मवेशियों को चराने और उनकी तलाश में जंगल तक जाना जोखिम भरा होता जा रहा है।
फिलहाल टाइगर रिजर्व की टीम मामले की जांच में जुटी है। घटना किन परिस्थितियों में हुई और बाघ के हमले से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के सदर में कैंट बोर्ड का चला बुलडोजर, चंसोरिया कंपाउंड में ढहाया गया अवैध निर्माण