
नईदुनिया प्रतिनिधि, उमरिया। जिला न्यायालय के सामने लगने वाले बाजार में गुरुवार सुबह करीब 5 बजे अचानक आग लगने से दो हाथ ठेले जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। ठेलों पर रखा सामान भी आग की चपेट में आ गया। घटना में छोटे व्यापारियों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। सुबह-सुबह हुई इस घटना से बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।
जानकारी के अनुसार, जिला न्यायालय के सामने रोजाना छोटे व्यापारी अपने हाथ ठेलों पर दुकानें लगाकर आजीविका चलाते हैं। रात में दुकान बंद करने के बाद वे अपना सामान ठेलों पर ही रखकर उसे तिरपाल से ढककर बांध देते हैं, ताकि सामान सुरक्षित रहे।
गुरुवार सुबह करीब 5 बजे अचानक दो हाथ ठेलों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने ठेलों पर रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। तिरपाल से ढके होने के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका जताई जा रही है।
सुबह के समय आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों का ध्यान इस ओर गया। हालांकि, जब तक आग पर काबू पाने के प्रयास किए गए, तब तक ठेलों पर रखा सामान काफी हद तक जल चुका था। इस घटना में दोनों छोटे व्यापारियों को आर्थिक क्षति हुई है।
रोजाना की कमाई से परिवार का भरण-पोषण करने वाले इनके सामने अब आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।कारण अज्ञात फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। यह भी जांच का विषय है कि आग शॉर्ट सर्किट, किसी अन्य कारण या असामाजिक तत्वों की वजह से लगी।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के रहवासी इलाके में पटाखे बेचना पड़ा भारी, बड़ी मात्रा में आतिशबाजी जब्त