
नईदुनिया प्रतिनिधि, उमरिया। मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर घुनघुटी के जंगलों को बचाने की पैरवी की है।
उन्होंने अपने संदेश में जंगलों के महत्व को केवल पेड़ों के समूह तक सीमित न मानते हुए इसे ग्रामीण और आदिवासी समाज की पहचान, संस्कृति तथा पीढ़ियों की विरासत बताया है।
उमंग सिंघार ने अपनी पोस्ट में सवाल उठाया कि आखिर विकास के नाम पर जंगलों का विनाश और आदिवासियों के अधिकारों की अनदेखी कब तक होती रहेगी? घुनघुटी का जंगल केवल प्राकृतिक संपदा नहीं, बल्कि यहां रहने वाले ग्रामीणों और आदिवासी समुदायों के जीवन, परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने घुनघुटी के जंगल को लेकर चल रही लड़ाई को केवल उमरिया जिले तक सीमित नहीं माना, बल्कि इसे पूरे मध्यप्रदेश के भविष्य की लड़ाई बताया। उनकी इस पोस्ट के बाद कोयला खदानों के लिए जंगलों पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव और आदिवासी अधिकारों का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
गौरतलब है कि घुनघुटी क्षेत्र में कोयला खदानों को लेकर स्थानीय स्तर पर भी चिंताएं सामने आती रही हैं। ऐसे में अब इस मुद्दे पर राजनीतिक हस्तक्षेप से बहस और तेज होने की संभावना है। उमंग सिंघार ने अपने संदेश के अंत में स्पष्ट कहा- जंगल बचेगा, तभी जीवन बचेगा।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में स्कूल के सामने जेसीबी से सफाई के दौरान टूटा स्लैब, गिर सकते हैं बच्चे; हादसे की आंशका