उमरिया में देर रात हादसा, ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर घोरचत्र नदी के पास पलटा, मौके पर ड्राइवर की मौत
बुधवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक सतीश साहू की मौत हो गई।
Publish Date: Thu, 29 Oct 2026 12:56:40 AM (IST)Updated Date: Thu, 29 Oct 2026 01:11:03 AM (IST)
देर रात घोरचत्र नदी के पास हुआ हादसा, नईदुनियाHighLights
- देर रात घोरचत्र नदी के पास हुआ हादसा
- हादसे में मौके पर ड्राइवर की हुई मौत
- सूचना पर पहुंची नौरोजाबाद थाना पुलिस
नईदुनिया प्रतिनिधि, उमरिया। नौरोजाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धनवार और हड़हा के बीच बुधवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक सतीश साहू की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर पलट गया, जिससे चालक उसकी चपेट में आ गया।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही नौरोजाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
अचानक अनियंत्रित हुआ ट्रैक्टर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक सतीश साहू ट्रैक्टर लेकर अपने गृह ग्राम बरही लौट रहा था। इसी दौरान धनवार-हड़हा के बीच घोरचत्र नदी पर बनी पुलिया के समीप ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि चालक की जान नहीं बचाई जा सकी। हालांकि, ट्रैक्टर के अनियंत्रित होकर पलटने के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलने के बाद नौरोजाबाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक जांच-पड़ताल की और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू की। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। घटनास्थल की परिस्थितियों और अन्य तथ्यों के आधार पर हादसे की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर बरही निवासी किसी व्यक्ति का है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि ट्रैक्टर किस परिस्थिति में अनियंत्रित हुआ और चालक उसे नियंत्रित क्यों नहीं कर सका। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।