
नईदुनिया प्रतिनिधि, उमरिया। ग्राम मगरधरा के पास नदी में मछली पकड़ने के लिए विद्युत करंट प्रवाहित करने के दौरान एक युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद शव को नदी किनारे गड्ढे में दफन कर भागे दो आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर को मगरधरा निवासी ने अपने पुत्र गौकरण सिंह की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। गौकरण 5 सितंबर से घर से लापता था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान 9 सितंबर को मगरधरा में नदी के पास से दुर्गंध आने और मिट्टी में शव दबे होने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान गौकरण सिंह के रूप में हुई।
मर्ग जांच और विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ग्रामीणों से पूछताछ की। जांच में भारत सिंह पिता बालकरण सिंह (21) और वेंकट रमन पिता अशोक सिंह (28), दोनों निवासी मगरधरा, संदेह के घेरे में आए। पूछताछ में सामने आया कि दोनों ने गौकरण के साथ मिलकर विद्युत करंट के जरिए नदी में मछली पकड़ने की योजना बनाई थी।
यह भी पढ़ें- उमरिया के मानपुर में बाघ ने ग्रामीण पर किया हमला, घटना के बाद इलाके में दहशत, घायल को सीएचसी में कराया भर्ती
भारत सिंह अपने घर से करीब 100 मीटर दूर नदी तक विद्युत तार लेकर गया था, जबकि वेंकट रमन ने तार को दूसरे तार से जोड़कर नदी के पानी में करंट प्रवाहित किया। इसी दौरान पानी में मौजूद गौकरण करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। इसके बाद दोनों ने शव को नदी के पास गड्ढे में डालकर मिट्टी से ढक दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।