उमरिया के मानपुर में बाघ ने ग्रामीण पर किया हमला, घटना के बाद इलाके में दहशत, घायल को सीएचसी में कराया भर्ती
नगर परिषद मानपुर क्षेत्र के सिमर और सेमरी के बीच बाघ के अचानक हमले की घटना सामने आई है।
Publish Date: Sun, 13 Sep 2026 03:31:25 PM (IST)Updated Date: Sun, 13 Sep 2026 03:32:32 PM (IST)
मानपुर में बाघ के हमले के बाद इलाके में पसरी दहशत, नईदुनियाHighLights
- जंगल में बाघ देखने गए ग्रामीण पर हमला
- हमले में ग्रामीण घायल, सीएचसी में भर्ती
- वन्य कर्मियों ने मानपुर के इलाके में बढ़ाई गश्त
नईदुनिया प्रतिनिधि, उमरिया। नगर परिषद मानपुर क्षेत्र के सिमर और सेमरी के बीच बाघ के अचानक हमले की घटना सामने आई है। बाघ के हमले में सेमरा निवासी शंकर पटेल घायल हो गए। मौके पर मौजूद वनकर्मियों द्वारा घायल शंकर पटेल को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी मानपुर ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह से ही ग्रामवासियों द्वारा क्षेत्र में दो बाघों की मौजूदगी की सूचना वन विभाग को दी जा रही थी। ग्रामीणों द्वारा लगातार सतर्क किए जाने के बाद भी क्षेत्र में बाघों की मौजूदगी को लेकर लोगों में भय बना हुआ था। इसी बीच सिमर-सेमरी के बीच शंकर पटेल पर बाघ द्वारा अचानक हमला किए जाने की घटना सामने आई।
ग्रामीणों में फैली दहशत
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बाघों की लगातार आवाजाही के कारण लोगों को आवागमन और दैनिक कार्यों में भी भय बना रहता है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में तत्काल गश्त बढ़ाने, बाघों की गतिविधियों पर निगरानी रखने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
फिलहाल घायल शंकर पटेल का उपचार सीएचसी मानपुर में कराया जा रहा है। दो बाघों की मौजूदगी और हमले की परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि वन विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।