
नईदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा। शमशाबाद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नटेरन-पिपलधार क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए एक राहत भरी खबर आई है। पिपलधार चौराहे से गुरोद होते हुए नया गोला चौराहे तक की करीब 14 किलोमीटर लंबी सड़क का अब कायाकल्प होने जा रहा है।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की देखरेख में करीब 34 करोड़ रुपये की लागत से इस सड़क का उन्नयन और निर्माण कार्य कराया जाएगा। क्षेत्रीय विधायक सूर्यप्रकाश मीणा ने विधिवत भूमिपूजन कर इस महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
उल्लेखनीय है कि इस मार्ग का निर्माण लगभग 15 साल पहले हुआ था। इसके बाद से हर साल केवल मरम्मत और पेंचवर्क के भरोसे ही सड़क को चलाया जा रहा था। समय के साथ यह मार्ग पूरी तरह से बदहाल हो चुका था और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए थे।
इस वजह से पमारिया, नरखेड़ा, नागौर, रायपुर, इमलिया और सतीशी जैसे दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को गंतव्य तक पहुंचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब दो-लेन की शानदार सड़क बनने से लोगों को गड्ढों से निजात मिलेगी और दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा।
यह सड़क केवल स्थानीय ग्रामीणों की आवाजाही के लिए ही नहीं, बल्कि आपात स्थिति में एक मुख्य वैकल्पिक मार्ग के रूप में भी बहुत महत्वपूर्ण है। बारिश के दिनों में जब कागपुर नदी उफान पर होती है और नदी का पानी मुख्य पुल के ऊपर से बहने लगता है, तब दोपहिया और चारपहिया वाहनों को बासौदा, विदिशा या भोपाल जाने के लिए इसी पिपलधार-गुरोद मार्ग का सहारा लेना पड़ता है। सड़क की स्थिति खराब होने के कारण चालकों को भारी जोखिम उठाकर गुजरना पड़ता था। नई सड़क बनने से बारिश के मौसम में भी आवागमन सुगम और सुरक्षित रहेगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सूर्यप्रकाश मीणा ने कहा कि शमशाबाद विधानसभा क्षेत्र में आवागमन को बेहतर बनाना और प्रमुख मार्गों को स्वीकृति दिलाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में रहा है। उन्होंने दावा किया कि विदिशा जिले में सबसे ज्यादा सड़कें शमशाबाद क्षेत्र में स्वीकृत हुई हैं। सड़क कनेक्टिविटी को मजबूती देने के बाद अब विधायक ने क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार को अपनी अगली प्राथमिकता बताया।
उन्होंने घोषणा की कि क्षेत्र के पानी से वंचित गांवों तक नहर का पानी पहुंचाने के लिए लगभग 100 करोड़ रुपये की पाइपलाइन परियोजना तैयार की गई है, जिसकी डीपीआर बनकर तैयार हो चुकी है। इस योजना के धरातल पर उतरने से अंतिम छोर के किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचेगा।
34 करोड़ की लागत से बनने वाली 14 किमी लंबी इस सड़क के भूमिपूजन के अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) अजय पाठक, तहसीलदार संजय चौरसिया, थाना प्रभारी आशुतोष सिंह राजपूत, सरपंच रामराज यादव, वरिष्ठ भाजपा नेता शैलेंद्र ठाकुर, चैनसिंह मीणा, मंडल अध्यक्ष प्रहलाद, डॉ. भैरोंसिंह गुर्जर, मनोज साहू और यशपाल रघुवंशी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
विकास कार्यों की शुरुआत से स्थानीय जनता में उत्साह तो है, लेकिन साथ ही ग्रामीणों की नजर निर्माण कार्य की गुणवत्ता औरइसे तय समयसीमा में पूरा किए जाने पर भी रहेगी, ताकि क्षेत्र को जल्द से जल्द एक सुरक्षित और मजबूत सड़क मिल सके।