
नवदुनिया न्यूज, गंजबासौदा। नगर के वार्ड 6 स्थित गायत्री नगर में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 65 वर्षीय बुजुर्ग की 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं बिजली कंपनी की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रहवासियों में नाराजगी देखी गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि घरों के नजदीक से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को हटाने के लिए कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया।
जानकारी के अनुसार, गायत्री नगर में रहने वाले प्रभु लाल गुप्ता शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे अपने मकान की तीसरी मंजिल के छज्जे पर खड़े थे। इसी दौरान वे मकान के पास से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, गुटका थूकते समय वे बिजली के तारों के संपर्क में आ गए, जिससे उनका शरीर बुरी तरह झुलस गया।
हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। बताया गया है कि प्रभु लाल गुप्ता मूल रूप से छतरपुर के निवासी थे और गंजबासौदा में पिछले करीब दस वर्षों से किराए के मकान में रह रहे थे। वे मिस्त्री का काम करके अपना जीवनयापन करते थे। हादसे में उनकी मौत से क्षेत्र के लोगों में दुख का माहौल है।
वार्ड पार्षद मनीष विश्वकर्मा ने क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इलाके में बिजली लाइनों और उपकरणों का नियमित मेंटेनेंस नहीं किया जा रहा है। कई स्थानों पर घरों के बिल्कुल नजदीक से 11 केवी हाईटेंशन लाइन गुजर रही है, जिससे लोगों की जान को खतरा बना हुआ है। उन्होंने संबंधित विभाग से क्षेत्र की बिजली लाइनों और उपकरणों की जांच कराकर आवश्यक सुधार करने की मांग की।
यह भी पढ़ें- कोरबा में गरबा ड्रेस में चलती कार पर स्टंट, बोनट पर लेटी महिला, दरवाजों पर लटकी दो महिलाएं, वीडियो वायरल
मकान मालकिन पदमा चिढ़ार ने बताया कि घर के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को हटाने के लिए उन्होंने कई बार बिजली कंपनी के अधिकारियों से आग्रह किया था। उनके अनुसार, अधिकारियों ने लाइन को जल्द हटाने का भरोसा भी दिलाया था, लेकिन लंबे समय बाद भी इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की गई।