
नवदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र क्रांति चौक पर एक घर में 42 वर्षीय युवक का शव मिला। शव करीब पांच दिन पुराना हो गया था। घर में मृतक युवक की मां शव के साथ ही सामान्य जीवन जी रही थी। सुबह दूधवाले को जब घर में बदबू आई और कमरे में खून बहता देखा तब इस घटना का पता चला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का मेडिकल कालेज में फारेंसिक टीम से पीएम करवाया है।
मृतक का नाम शीनू वर्गिस है, वह मुंबई में फैशन डिजाइनिंग का काम करता था, पिछले एक साल से विदिशा में अपनी मां के साथ ही रह रहा था। मृतक की मां मरियमा वर्गिस निजी स्कूल से रिटायर शिक्षक हैं, उन्हें मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है।
शक है कि मां उसे बाइबल पढ़कर जिंदा कराने की कोशिश कर रही थी, इसलिए बेटे की मौत की खबर उन्होंने किसी को नहीं दी। उसके शव के ऊपर बाइबल (ईसाई धार्मिक किताब) भी रखी मिली। शीनू के घर में बुजुर्ग मां के अलावा कोई नहीं था, उसका एक छोटा भाई दुबई में ही रहता है।
पिता का निधन पिछले वर्ष हुआ तब से शीनू भी मुंबई से विदिशा आकर मां के साथ रहने लगा था, बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहा था घर में आर्थिक हालत भी ठीक नहीं थी। घटना की सूचना के बाद जब पुलिस घर पहुंची तो मां मरियमा ने पुलिस को अंदर नहीं जाने दिया, उन्होंने दो बार दरवाजे लगाने की भी कोशिश की।
यह भी पढ़ें- पानी के लिए महासंग्राम, मक्सी में सड़क पर उतरी जनता, नगर परिषद का घेराव; महिलाओं ने मटके फोड़कर जताया विरोध
पुलिस घर में पहुंची तो शव बेड पर पड़ा था, डिकंपोज होना शुरू हो गया था, बदबू इतनी तेज थी कि अंदर जाना मुश्किल हो रहा था। पुलिस को मामला संदिग्ध लग रहा है। सिविल लाइन थाना प्रभारी राजपाल सिंह जादौन का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। जांच शुरू कर दी गई है।