
नवदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा। खाद्य सुरक्षा प्रशासन और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने बुधवार को ईदगाह रोड स्थित श्याम डेयरी इंडस्ट्री पर छापा मारा। करीब डेढ़ घंटे चली कार्रवाई में टीम को घी और घी जैसे उत्पादों के साथ बड़ी मात्रा में मल्टीपर्पस वेजिटेबल फैट मिला। टीम ने करीब 750 किलो घी और वेजिटेबल फैट, जिसकी कीमत करीब 4.50 लाख रुपये बताई गई है, सील कर दिया। मौके से छह खाद्य नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं।
डेयरी से कारोबार को आगामी आदेश तक रोक दिया है। इस छापामार कार्रवाई में भोपाल के अधिकारी भी शामिल थे। खाद्य सुरक्षा टीम के अनुसार, ईदगाह रोड पर आरटीओ ऑफिस के सामने मुखर्जी नगर स्थित श्याम डेयरी इंडस्ट्री में निरीक्षण के दौरान मानव उपयोग के लिए मल्टीपर्पस वेजिटेबल फैट का उपयोग कर घी और घी सदृश खाद्य पदार्थ बनाए जाने की जानकारी मिली।
मौके पर गाय घी, अरिहंत ब्रांड का घी, कामधेनु और देहाती घी सहित अलग-अलग पैकिंग में उत्पाद मिले। इसके अलावा कामधेनु गोल्ड देसी भोग मल्टीपर्पस वेजिटेबल फैट के 450 एमएल के 132 और 200 एमएल के 76 पैक भी मिले।
निरीक्षण के दौरान टीम को फैक्ट्री के खाद्य लाइसेंस में मल्टीपर्पस वेजिटेबल फैट के निर्माण या उपयोग का उल्लेख नहीं मिला। लाइसेंस में दर्ज तकनीकी प्रभारी भी मौके पर मौजूद नहीं मिले। निर्माण स्थल के पास खाद्य रंग की खुली बोतलें मिलने के साथ परिसर में साफ-सफाई की स्थिति पर भी टीम ने आपत्ति दर्ज की।
कार्रवाई के दौरान गाय का मक्खन, गाय घी, कामधेनु घी, अरिहंत घी, मल्टीपर्पस वेजिटेबल फैट और लूज घी के नमूने लिए गए। इन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा। कार्रवाई के बाद करीब 750 किलो खाद्य सामग्री को एक कमरे में रखवाकर सील कर दिया गया। खाद्य कारोबारकर्ता को एफएसएसएआई लाइसेंस के तहत अग्रिम आदेश तक खाद्य कारोबार करने से प्रतिबंधित किया गया है।
यह भी पढ़ें- इंदौर के सयाजी होटल के किचन में एक साथ रखी मिली वेज-नॉनवेज सामग्री, चूहे-कॉकरोच भी मिले, खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई
वेजिटेबल फैट वनस्पति तेलों से तैयार वसा है, जिसका उपयोग कई खाद्य पदार्थों में होता है। यह अपने-आप में जहरीला नहीं है, लेकिन अधिक ट्रांस फैट या संतृप्त वसा वाला फैट लगातार खाने से कोलेस्ट्रॉल बढ़ने और हृदय रोग का जोखिम बढ़ सकता है।