_20261125_205027_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा। सिरोंज-लटेरी मार्ग पर बुधवार सुबह करीब चार बजे एक तेंदुए का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए भोपाल से डॉग स्क्वायड टीम भी बुलाई गई। टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की, लेकिन शुरुआती जांच में शिकार किए जाने के संकेत नहीं मिले हैं। तेंदुए की मौत कैसे हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।
वन विभाग के अनुसार ग्राम तोरई, बाघरोद और पाठन के बीच स्थित प्लांटेशन में पिछले करीब 15 दिनों से एक मादा तेंदुआ अपने दो शावकों के साथ विचरण कर रही थी। आसपास के लोगों ने भी इस दौरान तेंदुए को कई बार देखा था। बुधवार सुबह इसी क्षेत्र में तेंदुए का शव मिलने की सूचना मिली।
इसके बाद वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए।
वन विभाग के रेंजर ब्रज मीना ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। जांच के लिए भोपाल से डॉग स्क्वायड बुलाया गया था। शुरुआती जांच में शिकार की पुष्टि नहीं हुई है। मृत तेंदुए का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। उन्होंने आशंका जताई कि सड़क पार करते समय किसी वाहन की टक्कर से भी तेंदुए की मौत हो सकती है। तेंदुए के सिर और शरीर पर चोट के निशान दिखाई देने की भी बात कही जा रही है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में चांटा मारने पर पति की हत्या, रॉड से मार कुएं में धकेला; भाई-भांजे की मदद से जंगल में फेंका शव