
नवदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा। सिरोंज की एक्सिस बैंक में कार्यरत गोल्ड लोन अधिकारी के साथ 3 लाख 63 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपित महुआखेड़ा निवासी मुकेश पुत्र भगवान सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार एक्सिस बैंक सिरोंज के गोल्ड लोन अधिकारी लोकेश गोस्वामी ने 20 अगस्त को सिरोंज थाने में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि आरोपित मुकेश पिता भगवान सिंह (निवासी महुआखेड़ा, पोस्ट चितावर, तहसील सिरोंज) का पांच तोला सोना एसबीआई बैंक और एक ज्वेलर्स के यहां गिरवी रखा हुआ था। एक्सिस बैंक में पांच तोला सोने पर पांच लाख रुपये तक का लोन मिलता है इसलिए वह दोनों जगह से सोना उठाकर एक्सिस बैंक में रखवाना चाह रहा था।
उसके पास पैसे नहीं थे इसलिए लोकेश ने ही उसे 3 लाख 63 हजार रुपये देकर उसका गिरवी रखा सोना उठवाया। लोकेश ने बताया कि वह सोना लेकर एक्सिस बैंक आ गए लेकिन यहां सर्वर डाउन होने के कारण उस दिन बैंक में लोन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी, जिस पर मुकेश ने अगले दिन सुबह 10 बजे बैंक आने की बात कही, वह अपने साथ सोना भी ले गया।
गांव के परिचित होने के कारण लोकेश ने भी विश्वास कर लिया, लेकिन आरोपित सोना लेकर अगले दिन नहीं आया। जब उससे फोन पर बात की तो उसने फसल आने के बाद पैसा देने का कहकर फोन काट दिया।
यह भी पढ़ें- छेड़छाड़ से डरी छात्रा ने स्कूल जाना छोड़ा, पुलिस से लगाई गुहार, कार्रवाई नहीं हुई तो एसपी की जनसुनवाई में पहुंची
लोकेश ने 21 अगस्त को थाने में शिकायत की। इस पर पुलिस ने जांच की और 21 सितंबर को इस मामले में आरोपित मुकेश के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।