
नईदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा। नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के मामले में विदिशा पुलिस ने भोपाल के तीन मेडिकल स्टोर संचालकों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार किया है। आरोपित बिना डॉक्टर के पर्चे के एविल इंजेक्शन और अल्प्राजोलम बेच रहे थे। शुक्रवार को तीनों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
यह मामला शहर के श्रद्धानंद पथ निवासी 26 वर्षीय आदर्श मालवीय की 25 सितंबर को हुई मौत से संबंधित है। थाना प्रभारी आनंद राज के मुताबिक, आदर्श नशे का आदी था। विदिशा में स्मैक उपलब्ध नहीं होने पर वह एविल इंजेक्शन में अल्प्राजोलम मिलाकर नशा कर रहा था। यह दवाएं वह भोपाल के ग्लोबल मेडिकल स्टोर और इंडियन मेडिकल स्टोर से खरीदता था।
पुलिस ने मामले में मेडिकल स्टोर के संचालकों फराज अहमद (29), सोहेल रहीम (30) और साजिद खान (50) को गिरफ्तार कर 230 एमएल एविल इंजेक्शन भी जब्त किया है। इन पर ग्राहकों से पांच गुना अधिक कीमत वसूलने का भी आरोप है। विदिशा के काछी कुआं मोहल्ले में पिछले महीने गोलू रैकवार की मौत के बाद भी पुलिस ने चार आरोपितों के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज किया था।
यह भी पढ़ें- टाइगर रिजर्व की तर्ज पर टेरिटोरियल वन क्षेत्रों में भी होगी बाघों की गिनती, सतना में दो नवंबर के बाद शुरू होगी गिनती