
Abdominal pain: ग्वालियर. नईदुनिया प्रतिनिधि। इस मौसम में कई बार पेट के दर्द को सामान्य मानकर अनदेखा करना भारी पड़ सकता है, यह गंभीर गैस्ट्रोइंटस्टाइनल समस्याओं का संकेत भी हो सकते है। जिसमें तत्काल उपचार जरूरी होता है। वैसे तो पेट की दिक्कतें कई कारणों से हो सकती हैं। अपच-एसिडिटी के कारण दर्द-पेट फूलने से लेकर पाचन की गंभीर समस्याओं में भी इससे मिलते-जुलते लक्षण देखे जा सकते हैं। यही कारण है कि अगर आपको पेट की कोई भी समस्या होती रहती है तो इस बारे में किसी विशेषज्ञ से सलाह लेना आवश्यक हो जाता है। चिकित्सकों का मानना है कि पेट में होने वाली किसी भी तरह की समस्या को गंभीरता से लेते हुए इसका तत्काल उपचार करवाना चाहिए।
यदि आपका पेट अक्सर सूजा हुआ रहता है तो सामान्यतौर पर इसे गैस माना जाता है। हालांकि अगर लंबे समय तक यह दिक्कत बनी रहती है तो इसके कई कारण हो सकते हैं जैसे पेट में ऊतकों की वृद्धि, किसी प्रकार का संक्रमण या हर्निया आदि।एसी स्थिति में आपको ऐंठन, भूख न लगने और शौच करने में भी परेशानी हो सकती है। ऐसा कुछ भी होने पर आपको तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए।
भोजन के बाद पेट में होने वाला दर्द काफी सामान्य है, आमतौर पर यह अधिक खाने या गैस के कारण हो सकता है। पर कुछ स्थितियों में इसे क्रोहन डिजीज का एक सामान्य लक्षण भी माना जाता है। अगर आपको अक्सर भोजन के बाद पेट दर्द की दिक्कत होती रहती है तो इस बारे में किसी डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें। क्रोहन डिजीज, आंतों से संबंधित रोग है जिसमें आपके गैस्ट्रोइंटस्टाइनल ट्रैक्ट में सूजन हो जाती है।
पेट के अलग-अलग हिस्सों में दर्द के अलग-अलग कारण हो सकते हैं। जैसे पेट के ऊपरी हिस्से में दर्द को अपच और पित्त की समस्याओं से जोड़कर देखा जाता है। हालांकि अगर ये समस्या आसानी से ठीक नहीं होती है तो इसके लिए पित्ताशय की थैली में होने वाली समस्याओं को भी एक कारण माना जा सकता है।