Health Tips: इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। खाली पेट इन चीज़ों का सेवन करने से आंतों का हो जाता है बुरा हाल, पेट में मच जाता है बवंडर। अगर आप भी खाली पेट इन चीजों का सेवन कर रहे हैं तो आपको सावधान होने की ज़रूरत है, इन चीज़ों को सुबह के समय खाली पेट खाने से आपको पेट से जुडी कई तकलीफें हो सकती हैं। इसलिए सही नाश्ते से दिन की शुरुआत करनी चाहिए।
एक सेहतमंद शरीर की ख्वाहिश हर किसी को होती है। बेहतरीन स्वास्थ्य के लिए लोग अपने आहार में कई तरह के बदलाव भी करते हैं। ऐसे में हर कोई सुबह सेहतमंद नाश्ते से दिन की शुरुआत करना चाहता है। हम दिन में क्या खाते हैं उससे ज्यादा जरूरी यह जानना है कि सुबह खाली पेट हम क्या खाते हैं। सुबह का नाश्ता पौषि्टक होना एक स्वस्थ शरीर के लिए बहुत जरूरी है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि कुछ ऐसे आहार भी हैं जिनका सुबह के समय खाली पेट सेवन करने से आपको पेट या आंत से जुड़ी कई बीमारियां हो सकती हैं। अगर खाली पेट आप उनका सेवन करते हैं तो इससे पाचन संबंधी समस्याएं भी पैदा हो सकती हैं। इसलिए आज हम आपको कुछ ऐसे खाद्य पदार्थों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें आपको खाली पेट खाने से बचना चाहिए।
आहार व पोषण विशेषज्ञ डा. आरती मेहरा के अनुसार कच्ची सब्जियों का सेवन आपके लिए तभी लाभकारी हो सकता है जब आप उसे सही वक्त पर खाएं। कुछ लोग सुबह-सुबह कच्ची सब्जी जैसे टमाटर, खीरा आदि खाने लगते हैं। जिसे पचाने के लिए हमारी आंत में एंजाइम नहीं होता। इस स्थिति में हमारी आंत के गुड बैक्टीरिया इसे पचाते हैं लेकिन जब गुड बैक्टीरिया कम हो तो इन चीजों को पचने में दिक्कत होती है। इससे गैस और पेट में दर्द भी हो सकता है।
फलों का सेवन सेहत के लिए बेहद अच्छा होता है पर उन्हें खाली पेट खाने से बचना चाहिए। सुबह खट्टे और उच्च फाइबर वाले फल जैसे संतरा, अनानास, कीवी, नींबू और अमरूद का सेवन भूलकर भी नहीं करना चाहिए। उच्च फ्रक्टोज और फाइबर युक्त आहार आपकी पाचन क्रिया को धीमा कर सकते हैं और आपके पेट में कई तरह की परेशानियां पैदा कर सकते हैं।
अगर आपको भी पेस्ट्री, केक और पिज्जा जैसे बेकरी उत्पाद बहुत पसंद हैं और आप सुबह के समय ही अगर इनका सेवन कर लेते हैं तो आपको पेट से जुड़ी बीमारियों का सामना करना पड़ सकता है। इन खाद्य पदार्थों में खमीर होता है जो सुबह खाली पेट सेवन करने पर पेट की परत को नुकसान पहुंचा सकता है।