Stress and Anxiety: आज के तनाव भरे माहौल में बहुत ही कम उम्र से लोगों को तनाव और अवसाद जैसी समस्याएं घेरने लगती हैं। काम का दबाव, ऑफिस का माहौल, आर्थिक बोझ, पारिवारिक परेशानियां आदि कई वजहें हमारी रोजमर्रा की जिन्दगी का हिस्सा हैं। इसके अलावा खराब लाइफस्टाइल, घटता फ्रेन्ड सर्किल और काम के बढ़ते घंटे भी इसके लिए जिम्मेदार हो सकते हैं। ऐसे में बढ़ती चिंता, मानसिक तनाव और अवसाद हमारे स्वास्थ्य को बुरी तरह से प्रभावित करता है। इससे राहत के लिए डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए, लेकिन अगर स्थिति गंभीर ना हो, तो कुछ उपायों से भी मन को शांत किया जा सकता है। आईये जानते हैं कुछ घरेलू उपाय, जिनसे स्ट्रेस लेवल में काफी कमी लाई जा सकती है।
मन को शांत करने के लिए ध्यान सबसे कारगर उपाय है। इससे ना सिर्फ मन शांत होता है, बल्कि समस्याओं को बेहतर तरीके से हैंडल करने की क्षमता भी बढ़ती है। ध्यान का मुख्य उद्देश्य होता है जागरूकता, जिसमें निर्णय के बिना सभी विचारों को देखना। इसमें बिना विचारों का प्रवाह रोके, उन्हें शांति से आने दें और अपना फोकस सांसों पर रखें। धीरे-धीरे विचारों का प्रवाह कम होने लगेगा और मन शांत होो जाएगा।
शांत माहौल में बैठें या लेट जाएं और एक से दस तक मन में गिनने की कोशिश करें। अगर विचारों के कारण बीच में भूल जाएं, तो फिर से कोशिश करें। ये आसान लगने लगे, तो उल्टी गिनती शुरु करें। ध्यान रहे कि कोई संख्या भूलनी नहीं है। इससे आपका फोकस बढ़ेगा और मन दूसरी चिंता को छोड़कर सामने मौजूद काम पर फोकस करने लगेगा। इसे धीरे-धीरे बढ़ाकर 30 तक किया जा सकता है। इसका रोजाना अभ्यास करना चाहिए, तभी फायदा होगा।
कई हर्बल उत्पाद शरीर के केमिकल्स को नियंत्रित कर बॉडी और मन को रिलैक्स करते हैं। इसलिए मन को शांत करने के लिए हर्बल चाय के सेवन भी अच्छा उपाय है। अध्ययनों से पता चला है कि कैमोमाइल, चिंता विकार के संकेतों और लक्षणों को कम करने में मदद करता है। इसी तरह अश्वगंधा नाम की एडाप्टोजेनिक आयुर्वेदिक जड़ी- बूटी का लंबे समय से मानसिक अवसाद कम करने के लिए प्रयोग किया जाता रहा है।
सिर की मालिश करने से भी तनावग्रस्त नसों को आराम पहुंचता है। अगर आसपास कोई मालिश करने वाला नहीं है, तो अपने हाथ से ही मालिश करने पर विचार करें। हाथों, कंधों, गर्दन और सिर के स्कैल्प में तेल या लोशन लगाएं और कुछ मिनटों तक मालिश करें। जैसे-जैसे शरीर रिलैक्स होगा, मन का तनाव भी होने लगेगा।
मन को शांत करने के लिए खुशबू का प्रयोग सदियों से होता आया है। प्लांट बेस्ड इसेंशियल ऑयल को सूंघकर या उन्हें जलाकर तनाव और चिंता को कम किया जा सकता है। इसके लिए पहले प्रयोग कर देख लें कि किस खुशबू से आपको ज्यादा राहत मिलती है। फिर रात के वक्त सोते समय इसके जुड़ी अगरबत्ती या स्प्रे का इस्तेमाल करें। कई मामलों में लैवेंडर विशेष रूप से फायदेमंद माना जाता है।
इन चीजों को अपने रूटीन में शामिल करें, ताकि आपका मानसिक स्वास्थ्य बिगड़े नहीं और समय रहते उस पर कंट्रोल करना सीख लें। लेकिन ये याद रखना जरूरी है कि तनाव, चिंता और अवसाद जैसी मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में प्रोफेशनल मेडिकल केयर की जरूरत होती है। दूसरी बात इन उपायों से सामान्य तनाव कम हो सकते हैं , लेकिन ये सभी प्रकार के तनाव को कम नहीं कर सकती हैं। इसलिए इन उपायों के साथ डॉक्टर की सलाह भी जरुर लें।
डिसक्लेमर
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर संभव प्रयास किया गया है। हमारा उद्देश्य सिर्फ जानकारी मुहैया कराना मात्र है। लेकिन इसकी नैतिक जिम्मेदारी नईदुनिया डॉट कॉम की नहीं है। हमारा निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें।