
Health Tips: नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। सर्दी के मौसम में हड्डियों से संबंधित समस्याएं बढ़ जाती हैं क्योंकि इस मौसम में गर्मी के मुकाबले शारीरिक गतिविधियां कम हो जाती है। सर्दियों में धूप भी कम देर तक रहने के कारण हमारे शरीर में विटामिन डी पर्याप्त मात्रा में नहीं बन पाता है, जिससे हड्डियों का दर्द बढ़ जाता है।
हड्डी रोग विशेषज्ञ डा. रोमित अग्रवाल ने बताया कि हड्डियों के दर्द से बचाव के लिए नियमित व्यायाम करना चाहिए, इससे हड्डियां मजबूत होती है। इस मौसम में कई लोग व्यायाम करना बंद कर देते हैं, लेकिन ऐसा नहीं करना चाहिए। इसके अलावा हड्डियों को मजबूत बनाए रखने के लिए खानपान का विशेष ध्यान रखना चाहिए। खाने में ऐसी चीजों को शामिल करें, जिनमें विटामिन-डी, कैल्शियम, विटामिन-सी पाया जाता है।

बाहर के जंक फूड को खाने से हमें बचना चाहिए। इससे हड्डियों के साथ ही अन्य बीमारियों का भी खतरा बना रहता है। सही पोश्चर का भी ध्यान रखना चाहिए। कई लोग घंटों बैठकर लैपटाप पर काम करते हैं। सही पोश्चर में नहीं बैठने के कारण भी ह़ड्डियों से संबंधित समस्या होती है। इसके अलावा लोगों को इस बात का भी ध्यान रखना चाहिए कि शराब व धूमपान से बोन डेंसिटी प्रभावित होती है। इसके लिए इनके सेवन से दूर रहना चाहिए।