Health Tips for Sleeping disorder: आजकल काम के प्रेशर और लेट वर्किंग ऑवर्स की वजह से समय पर सोने की आदत खत्म होने लगी है। समय में बदलाव ना भी हो, तो भी कई बार लोगों को तनाव या अन्य वजहों से रात में नींद नहीं आती है। ये सेहत के लिए काफी नुकसानदेह है। अगर आप रात को 7-8 घंटे की नींद नहीं लेते हैं तो इससे शरीर पर काफी बुरा असर पड़ता है। डॉक्टरों का मानना है कि पूरी नींद नहीं लेने हाई ब्लड प्रेशर, हार्ट प्रॉब्लम या मानसिक असंतुलन की समस्याएं पैदा हो सकती है। वैसे तो रात में नींद ना आने की कई वजहें है, लेकिन इनमें से एक मुख्य वजह है सोने से पहले खाने-पीने की गलत आदतें। कुछ फूड्स शरीर में नींद लाने वाले हार्मोंस के बैलेंस को बिगाड़ देते हैं। तो आईये जानते हैं कि रात के वक्त किन चीजों को खाने से नींद ना आने की समस्या बढ़ती है।
आम तौर पर ग्रीन टी को काफी हेल्दी माना जाता है। वजन कम करने के लिए अक्सर लोग ग्रीन टी पीते हैं। लेकिन रात को सोने से पहले ग्रीन टी पीने से तनाव और हार्ट रेट बढ़ता है। साथ ही इसमें मौजूद कैफीन की वजह से नींद उड़ जाती है और दिमाग ज्यादा सक्रिय हो जाता है। इसलिए ग्रीन टी हमेशा सुबह के वक्त पिएं, रात में नहीं।
रात को सोने से पहले सलाद में टमाटर ना खाएं। टमाटर में हाई एसिडिक कंटेट होता है जो शरीर में एसिडिटी को बढ़ा देता है। इसी वजह से नींबू, संतरा और दूसरे साइट्रिक एसिड वाले फलों को भी नहीं खाना चाहिए। इससे सीने में जलन की समस्या पैदा होने लगती है और नींद उड़ जाती है।
अगर आप डिनर के बाद आइसक्रीम खाने के शौकीन हैं, तो इस आदत को फौरन बदल लें। आइसक्रीम खाने से कार्टिसोल हार्मोंस निकलने लगते हैं जो कि स्ट्रेस के लिए जिम्मेदार होते हैं। जिसकी वजह से आपकी रात की नींद पूरी तरह से उचट सकती है।
जंक फूड वैसे भी शरीर को नुकसान पहुंचाते हैं लेकिन अगर आपने सोने से पहले चीज पिज्जा, चीज बर्गर जैसी चीजें खा लीं, तो इससे नींद गायब हो सकती है। इसी तरह रात के वक्त फ्रेंच फ्राईज या ज्यादा तली-भुनी चीजें खाने से एसि़डिटी की समस्या हो सकती है। इनसे सोने की क्वालिटी पर बुरा असर पड़ता है।
अक्सर रात को सोने से पहले लोग एल्कोहल पीते हैं। बहाना ये होता है कि इससे अच्छी नींद आती है। लेकिन रात के वक्त वाइन बिल्कुल नहीं पीना चाहिए। वहीं बीयर पीने के आधे घंटे बाद ही सोने के लिए जाना बेहतर होगा। ऐसे नहीं किया, तो फिर देर तक नींद नहीं आएगी।
डिसक्लेमर
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर संभव प्रयास किया गया है। हमारा उद्देश्य सिर्फ जानकारी मुहैया कराना मात्र है। लेकिन इसकी नैतिक जिम्मेदारी नईदुनिया डॉट कॉम की नहीं है। हमारा निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें।