
यदि आप पर्याप्त नींद नहीं ले पाते हैं तो आप अपनी सेहत से खिलवाड़ कर रहे हैं। शायद आपको पता ना हो लेकिन भरपूर नींद के अभाव में बड़ी बीमारियों का खतरा रहता है। एक नए शोध के अनुसार अब हमें अपना स्लीपिंग कोटा बढ़ाना चाहिये। इसके ना होने पर साइड इफेक्ट गंभीर परिणाम के रूप में सामने आ सकते हैं। अच्छी सेहत के लिए नींद बेहद जरूरी है। नींद की कमी से कई बीमारियां आपको अपना शिकार बना सकती हैं। एक नए शोध में इसी तरह की बात सामने आई है। शोध के अनुसार भरपूर नींद नहीं लेने से डायबिटीज का खतरा बढ़ सकता है।
साउथ आस्ट्रेलिया विश्वविद्यालय के शोधकर्ता ने एक अध्ययन में पाया कि जिन लोगों में नींद की कमी थी उनमें कोलेस्ट्राल और अधिक वजन की भी समस्या देखी गई जिनसे टाइप 2 डायबिटीज का खतरा बढ़ता है। आस्ट्रेलिया में लगभग दस लाख वयस्कों को टाइप 2 डायबिटीज है। शोधकर्ता डा. लीसा मैट्रिकियानी का कहना है कि नींद के विभिन्न पहलू डायबिटीज के जोखिम से जुड़े हैं।
इस अध्ययन में, हमने नींद के विभिन्न पहलुओं और मधुमेह के जोखिम कारकों के संबंध की जांच की। हमनें पाया कि जिन्हें नींद में परेशानी थी उन्हें टाइप 2 डायबिटीज का भी खतरा था। अध्ययन में 44.8 वर्ष की औसत आयु वाले 1000 से अधिक आस्ट्रेलियाई वयस्कों का मूल्यांकन किया गया। टाइप 2 डायबिटीज मुख्य रूप से जीवन शैली से संबंधित है और समय के साथ विकसित होती है।