Health Tips: भोपाल। वजन बढ़ना मौजूदा समय की गंभीर समस्या है जिसे कई गंभीर और क्रोनिक बीमारियों के प्रमुख कारणों में से एक माना जाता है। अधिक वजन को हृदय रोगों, डायबिटीज और मेटाबॉलिज्म की समस्या को बढ़ाने वाला भी माना जाता है, यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को वजन को कंट्रोल करने की सलाह देते हैं।
क्या आप भी अधिक वजन की समस्या के शिकार हैं? अगर हां तो इसे कंट्रोल में करने के लिए उपाय करें। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, रात के समय की हमारी कुछ आदतें वजन को कंट्रोल करने में मदद कर सकती हैं, इनपर ध्यान दिया जाना चाहिए।
वजन को कंट्रोल करने के लिए लाइफस्टाइल और आहार को ठीक रखना जरूरी हो जाता है। इसमें शाम के समय की आदतों का विशेष महत्व माना जाता है। आप किस तरह की चीजें खाते हैं, दिनचर्या कैसी है, इसका भी संपूर्ण स्वास्थ्य और वजन पर सीधा प्रभाव पड़ता है।
शारीरिक गतिविधि पर दें ध्यान
वजन को कंट्रोल करने के लिए जरूरी है कि आप नियमित रूप से शारीरिक गतिविधियों पर ध्यान दें। शाम के समय शारीरिक गतिविधि इसमें आपके लिए मददगार हो सकती है। उच्च तीव्रता वाले व्यायाम आपकी नींद की गुणवत्ता को प्रभावित कर सकते हैं, इसलिए हमेशा शाम के समय हल्के स्तर के ही व्यायाम करना चाहिए। बहुत देर तक वर्कआउट न करें। सोने से कम से कम एक घंटा पहले व्यायाम नहीं करना चाहिए।
अच्छी नींद बहुत जरूरी
वजन कम करने की कोशिश में लगे हुए हैं तो नींद की गुणवत्ता को ठीक रखना बहुत आवश्यक है। नींद की गुणवत्ता में सुधार के लिए जरूरी है कि आप रोजाना एक ही समय पर सोएं और जागें। एक शेड्यूल का पालन करने से अच्छी नींद लेने में मदद मिल सकती है। गुणवत्तापूर्ण नींद लेना वजन घटाने की योजना में आपके लिए लाभकारी हो सकती है। डाइटिंग के दौरान अगर आप नींद को ठीक नहीं रखते हैं तो यह भी वजन बढ़ाने वाली हो सकती है।
रात के भोजन का रखें ध्यान
रात के समय भोजन पर ध्यान देना वजन को कंट्रोल करने में आपके लिए मददगार हो सकता है। यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को हल्का डिनर करने की सलाह देते हैं। हाई कैलोरी वाली चीजें खाने से तेजी से वजन बढ़ने का खतरा हो सकता है, इसलिए जरूरी है कि रात के समय हल्का भोजन करें और भोजन के तुरंत बाद बिस्तर पर न जाएं। भोजन का समय भी वजन को कंट्रोल करने में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।