By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Sun, 23 Apr 2023 03:50:10 PM (IST)
Updated Date: Sun, 23 Apr 2023 11:31:52 PM (IST)
भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। एम्स के लिवर क्लीनिक की ओपीडी में 25 से 30 मरीज ऐसे होते हैं, जिनका लिवर शराब के कारण खराब हो गया है। जिन्हें लिवर से संबंधित समस्याएं होती हैं, उन पीड़ितों में ज्यादातर शराब व अन्य नशे का सेवन करने वाले होते हैं। इधर, खाने का पाचन न होने से ही पेट में गैस, खट्टी डकार, दर्द आदि की समस्या होती है। खराब दिनचर्या और खराब खानपान, शराब व दूषित पानी का सेवन व मोटापा पेट में कई तरह की बीमारियां पैदा करता है। यदि आप पेट व लिवर संबंधी बीमारियों से बचना चाहते हैं तो दिनचर्या को व्यवस्थित करें और बाहर के भोजन से बचें। साथ ही योग व व्यायाम जरूर करें। यह बात भोपाल एम्स के लिवर क्लीनिक के प्रभारी सहायक प्राध्यापक डा. अभिषेक सिंघई ने हेलो डाक्टर कार्यक्रम में नवदुनिया कार्यालय में पाठकों के सवालों का उत्तर देते हुए कही।
उन्होंने बताया कि सामान्य भोजन की जगह बाजार में फास्ट फूड व नए प्रकार के भोजन आ चुके हैं। इसे पचाना कठिन होता है और इसका ज्यादा सेवन भी शरीर के लिए ठीक नहीं होता है। ऐसा भोजन धीरे-धीरे पेट संबंधी विकारों को जन्म देने लगता है। इसी वजह से आज बहुतायात में लोग फैटी लिवर संबंधी समस्या से जूझ रहे हैं।
पाठकों के सवाल और डा. अभिषेक सिंघई की सलाह
सवाल- मोशन की समस्या है। पेट में दर्द रहता है? (हर्षित शर्मा, पिपरिया)
जवाब- इसका कारण जानना होगा। कुछ दिन मसालेदार भोजन, चाय, काफी का सेवन कम करें व नियमित कसरत करें, आराम मिलेगा। यदि इससे ठीक नहीं होता है तो चिकित्सक से परामर्श लें।
सवाल- शराब से लिवर खराब होता है, तो पता कैसे चलेगा? (राजकुमार, अवधपुरी भोपाल)
जवाब- शराब पीने वालों को पाचन की समस्या रहती है, इसके कारण फैटी लिवर हो जाता है, जिसका पता पैथालाजी जांचों के माध्यम से कराया जा सकता है।
सवाल- पेट में भारीपन रहता है और सिर दर्द होता है? (राजीव पचौरी, पिपरिया)
जवाब- भारीपन खाना न पचने व गैस की वजह से भी होता है। इसके कारण सिर में दर्द की समस्या भी हो सकती है। मसालेदार भोजन, दूध, चाय, काफी का सेवन तुरंत बंद करें। रोजाना दही का सेवन करें। कुछ दिन में भारीपन की समस्या से राहत मिलने लगेगी।
सवाल- खाने के बाद पेट फूल जाता है और डकार आती है? (राजीव जैन, भोपाल)
जवाब-आपकी पाचन क्षमता कमजोर होने के यह लक्षण हैं। इसी वजह से भोजन पचने की प्रक्रिया धीमी होती है और गैस बनने की वजह से पेट फूलने लगता है और बार-बार डकार आती है। भोजन नियमित करें, मसालेदार भोजन से बचें। रोजाना दही का सेवन करने से लाभ मिलेगा।
सवाल- पेट फूल रहा है और गैस बन रही है? (ओपी सिंह, कटारा हिल्स भोपाल)
जवाब- बीच-बीच में इस तरह की समस्या हो जाती है। घबराने की बात नहीं है। भोजन में बदलाव करें। संतुलित व सादा भोजन लें। दही का सेवन करें। नियमित कसरत करने की आदत डालें। धीरे-धीरे समस्या दूर होने लगेगी।
सवाल- फैटी लिवर का कैसे पता चलता है? (अजय राय, कोटरा भोपाल)
जवाब- लिवर में सबसे ज्यादा समस्या फैटी लिवर की होती है। यह शुरू में पता नहीं चलता है। जब लिवर पूरी तरह से डैमेज हो जाता है तभी इसका पता चलता है। इसलिए समय-समय पर जांच कराकर इसका पता लगाया जा सकता है।
सवाल- स्किन में समस्या है, क्या इसका लिवर से कोई संबंध है? (प्रदीप राय, भोपाल)
जवाब-पेट में किसी तरह का संक्रमण होने से कई बार ऐसा होता है। दिनचर्या ठीक रहे व भोजन नियमित करें। कसरत करें। मसालेदार भोजन व चाय, काफी का सेवन कम कर दें। हर दिन दोपहर के भोजन में दही को शामिल करें। लाभ मिल जाएगा।
सवाल- मेरे बच्चों को आने वाले समय में लिवर की समस्या से कैसे बचा सकते हैं? (महेंद्र महोबिया, भोपाल)
जवाब- लिवर की बीमारी से बचने के लिए हेपेटाइटिस-ए और हेपेटाइटिस-बी के टीके लगते हैं। इन्हें समय पर बच्चों को लगवाना चाहिए।
युवाओं के लिए खतरनाक है स्ट्रीट फूड
डा. अजय सिंघई ने बताया कि युवा वर्ग स्ट्रीट फूड और फास्ट फूड पसंद करते हैं। इसका ज्यादा सेवन खतरनाक साबित हो रहा है। पेट संबंधी समस्याएं पैदा होने के साथ ही मोटापे का शिकार हो सकते हैं। स्ट्रीट फूड, फास्ट फूड, एनर्जी ड्रिंक का ज्यादा सेवन नहीं करना चाहिए।