
लाइफस्टाइल डेस्क, इंदौर। अनियमित दिनचर्या और खानपान में लापरवाही के कारण कम उम्र में ही अधिकांश लोग हार्ट अटैक के शिकार हो रहे हैं। बिगड़ती लाइफस्टाइल और खानपान के प्रति हमारी लापरवाही के कारण शरीर में जब LDL कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ जाता है तो हार्ट अटैक का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे में यदि आप भी अपना कोलेस्ट्रॉल प्राकृतिक तौर पर कम करना चाहते हैं तो कुछ आयुर्वेदिक टिप्स आजमा सकते हैं, साथ ही लाइफस्टाइल में बदलाव करके भी आप अपना कोलेस्ट्रॉल स्तर कम कर सकते हैं। इंदौर स्थित अष्टांग आयुर्वेद कॉलेज के डॉ. अखिलेश भार्गव इस बारे में विस्तार से जानकारी दे रहे हैं।
यदि आप अपना LDL कोलेस्ट्रॉल कम करना चाहते हैं तो खाने में घुलनशील फाइबर का भरपूर सेवन करना चाहिए। फाइबर के लिए आप दलिया, राजमा, ब्रसेल्स स्प्राउट्स, सेब और नाशपाती जैसे फूड्स खा सकते हैं। फाइबर के सेवन से पेट अधिकांश समय तक भरा हुआ महसूस होता है।

हाई कोलेस्ट्रॉल लेवल को कम करने के लिए डेयरी प्रोडक्ट व एनिमल फैट का सेवन करने से बचें। गोमांस, पिग मीट, वील या लैंप मीट आदि का सेवन भी बिल्कुल भी नहीं करना चाहिए। दूध, पनीर, क्रीम, सोर क्रीम, क्रीम चीज और मक्खन जैसी चीजें भी कम खाना चाहिए।
LDL कोलेस्ट्रॉल बढ़ने पर शरीर में मोटापा बढ़ सकता है। वजन घटाने के लिए फिजिकल एक्टिविटी को बढ़ाने की कोशिश करें। इसके लिए आपको डायट में कम कार्ब वाले भोजन का सेवन करना चाहिए। मांसाहार का सेवन कम करना चाहिए। वहीं सप्ताह में 5 दिन कार्डियो एक्सरसाइज जरूर करें। रोज करीब 45 मिनट कार्डियो एक्सरसाइज करना दिल के लिए फायदेमंद होता है।