
Brain Tumor Health Tips: रायपुर। प्राय: देखा गया है कि लोगों को सिर दर्द की समस्या होती है। कई मरीजों में सुबह सिर दर्द अधिक होना, बार-बार चक्कर आना, कम दिखाई देना, चलते समय लड़खड़ा जाना, बोलने में दिक्कत, झटके आना जैसी समस्याएं भी आती है। सिर दर्द के साथ इस तरह की शिकायतें ब्रेन ट्यूमर के लक्षण हो सकते हैं। नईदुनिया के हेलो डाक्टर कार्यक्रम में अतिथि के तौर पर मौजूद एम्स रायपुर में न्यूरो सर्जरी विभाग के अध्यक्ष डाक्टर अनिल शर्मा ने यह बात कही।
डाक्टर अनिल ने कहा कि ब्रेन ट्यूमर अनुवांशिक भी होता है। वहीं मरीज के रेडिएशन के अधिक संपर्क में आने से भी यह स्थिति बनती है। ब्रेन ट्यूमर के केस में आपरेशन ही एक मात्र इलाज है। लोग शुरुआती लक्षणों को अक्सर अनदेखा कर देते हैं। जब स्थिति खराब होती है तब अस्पताल तक पहुंच रहे हैं। ऐसे में जागरुकता की जरूरत है। ब्रेन में होने वाला ट्यूमर सामान्य या कैंसर ट्यूमर हो सकता है। अधिकांश केस में कैंसर ट्यूमर ही सामने आता है। इसलिए लक्षण नजर आने पर जितना जल्दी हा सके अस्पताल पहुंचकर इलाज कराएं। क्योंकि बीमारी की पहचान जितनी जल्दी होगी, इलाज उतना ही कम करना पड़ेगा। और स्वस्थ भी जल्दी होंगे।
पार्किंसंस की शिकायतें बढ़ी
डाक्टर अनिल ने बताया कि अस्पताल की ओपीडी में पार्किंसंस की शिकायत लेकर मरीज पहुंच रहे हैं। पार्किंसंस रोग में मस्तिष्क में लेवोडोपा नमक केमिकल की कमी हो जाती है। इस वजह से शरीर में कंपन, हाथ पैरों का कड़ा होना, धीमापन मुख्य लक्षण हैं। शुरु दिनों में दवा का असर करता है। देखा गया है कि पांच वर्ष बाद दवा का असर काम होने लगता है। इसके बाद डीप ब्रेन स्टिमुलेश सर्जरी की आवश्यकता पड़ती है। एम्स रायपुर में यह सर्जरी की सेवाएं शुरू कर दी गई है जिसका लोगों को लाभ मिल रहा है।
न्यूरो सर्जरी विभाग में बेहतर सुविधा
डाक्टर अनिल बताया कि न्यूरो सर्जरी विभाग की ओपीडी में हर दिन 70 से 80 मरीज पहुंच रहे हैं। वहीं प्रति माह 100 से अधिक सर्जरियां की जा रही है। विभाग में न्यूरो सर्जरी से जुड़ी तमाम तरह की अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मरीजों को मिल रहा है। बेहतर सुविधाओं के चलते मरीजों का भरोसा भी लगातार बढ़ रहा है। विभाग में छत्तीसगढ़ के अलावा अन्य राज्यों से भी मरीज पहुंच रहे हैं।
पाठकों के सवाल पर चिकित्सक के जवाब
सवाल : सिर दर्द की शिकायत है। बार-बार चक्कर आ रहा है। - बाबूलाल सोना, रायपुर
जवाब : देखा गया है कि सिर दर्द के साथ चक्कर, नजर कम होना, लड़खड़ाना जैसे अन्य लक्षण ब्रेन ट्यूमर की वजह से आते हैं। जिनता जल्दी हो सके, इलाज कराइए।
सवाल : वर्ष-2017 से पार्किंसंस की समस्या से ग्रस्त हूं।- दीपक सिन्हा, भिलाई
जवाब : आपकी सारी रिपोर्ट लेकर एम्स की ओपीडी में दिखाइए। शुरुआत से ट्रिटमेंट प्लान करेंगे।
सवाल : कंपनी में कार्यरत हूं। कमर में मोच आया था। दवाओं से कुछ दिन आराम मिला। अब लगातार दर्द शुरू हो गया है। - ईश्वर राजपूत, बलौदाबाजार
जवाब : कभी नस खींच जाने की वहज से समस्या आती है। अन्य कारण भी हो सकते हैं। जांच के बाद रिपोर्ट के आधार पर ही सामने आएगी कि आखिर मुख्य समस्या क्या है। इसके बाद दवा देंगे।
सवाल : सालों से माइग्रेन की शिकायत है। हाथ-पैर हड्डियों में भी दर्द रहता है।
जवाब : सिर दर्द के बहुत से कारण होते हैं। जांच में देखना पड़ेगा इसका मुख्य कारण क्या है। जहां तक हाथ-पैर की हड्डियों में दर्द की समस्या है। इसका कारण गर्दन की नस में दबाव हो सकता है। आपको इलाज की आवश्यकता है।
सवाल : मेरी मां को भूलने की बीमारी है। सिर दर्द भी रहता है। - एके शुक्ला, भिलाई
जवाब : एमआरआइ रिपोर्ट व अन्य जांच रिपोर्ट लेकर एम्स की ओपीडी में दिखा दीजिए। जांच के बाद दवाएं देंगे।
सवाल : सिर में बहुत दर्द रहता है। भूख नहीं लग रहा है। - रेणु साहू, रायपुर
जवाब : कारण क्या है इसे देखना होगा। एम्स की ओपीडी में आकर जांच करा सकते हैं। इसके आधार पर दवाएं देंगे। राहत मिलेगी।
सवाल : मेरी मां को घबराहट व बचैनी की शिकायत अधिक है। - परविंदर, रायपुर
जवाब : इसके लिए आपको मनो चिकित्क को दिखाना होगा। काउंसलिंग व इलाज से राहत मिलेगी।
सवाल : वर्ष-2018 में पैर में खींव व दर्द की शिकायत है। - एचके शाह, भिलाई
जवाब : एमआरआइ रिपोर्ट देखकर बता पाएंगे की स्थिति क्या है। दवाओं से ठीक होने की स्थिति में नहीं होगी तो आपरेशन करना होगा।
सवाल : घुटना व रीढ़ में दर्द की शिकायत है। - जनक साहू, महासमुंद
जवाब : घुटना व रीढ़ दोनों के दर्द की समस्या अलग है। घुटने के लिए आपको हड्डी रोग विशेषज्ञ को दिखाना होगा। रीढ़ की समस्या के लिए आप ओपीडी में आकर दिखाएं। इलाज से जरूर राहत मिलेगी।