Sprouts : नाश्ता दिनभर का सबसे महत्वपूर्ण भाग होता है। यह शरीर को स्वस्थ रखता है और दिनभर ऊर्जावान बनाए रखता है। इसलिए, पौष्टिक नाश्ता बहुत जरूरी है। पहले सिर्फ ग्रामीण क्षेत्रों में ही लोग सुबह-सुबह नाश्ते में अंकुरित चना, मूंग आदि सेहत बनाने के लिए खाते थे। वर्तमान में अंकुरित अनाज खाने की ओर शहर के लोग भी आतुर हैं। अंकुरित अनाज को स्वास्थ्य के लिए बहुत अच्छा माना जाता इसीलिए स्वस्थ रहने के लिए अंकुरित अनाज का सेवन बहुत जरूरी है।
अनाज अंकुरित होने के बाद उसके अवयवों में विटामिन डी सहित खनिज और विटामिन का स्तर बढ़ जाता है। इसके अलावा प्रोटीन की मात्रा भी बढ़ जाती है, और फलियों को पकाने का समय कम हो जाता है। अंकुरित होने की प्रक्रिया के दौरान, फल्लियों में कुछ संग्रहित स्टार्च का उपयोग छोटे पत्तों और जड़ों के निर्माण के लिए और विटामिन सी के निर्माण में किया जाता है। अंकुरित अनाज को अमृत के समान आहार माना जाता है। इसके प्रतिदिन सेवन से शरीर स्वस्थ और लंबे समय तक युवा रहता है। व्यक्ति को ऊर्जावान बनाए रखने में यह बेहद कारगर साबित होता है।
स्प्राउट्स खाने के एक नहीं कई फायदे हैं। यह कई प्रकार से शरीर को स्वस्थ व मजबूत बनाने में सहायता करते हैं। इनके सेवन से रक्त साफ होता है, वसायुक्त होने के कारण लोगों को मोटापे से बचाता है, पाचन में आसान होने के साथ पाचन क्रिया को मजबूत बनाता है, भूख न लगने की समस्या से भी स्प्राउट्स निजात दिलाने में सहायक होते हैं, बच्चों में मानसिक व शारीरिक दुर्बलताओं को दूर करने के लिए महिलाएं गर्भाधारण के बाद से ही इनका प्रयोग करती हैं आदि विभिन्न प्रकार के लाभ स्प्राउट्स के सेवन से होते हैं।
डायबिटीज में भी लाभकारी
डायबिटीज रोग में सही जीवनशैली और आहार की बहुत आवश्यकता होती है। नियमित और संयमित खान-पान, नियमित व्यायाम को अहमियत देनी ही पड़ती है। तभी इस रोग को हराया जा सकता है। मधुमेह में ब्रोकली स्प्राउट बेहतर माना गया है। टाइप-2 मधुमेह के रोगियों में ग्लूकोज नियंत्रण का यह बेहतर स्रोत होती है। ब्राोकली इंसुलिन प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर बनाती है। डायबिटिक व्यक्ति के लिए सोयाबीन स्प्राउट का इस्तेमाल भी लाभदायक होता है। क्योंकि इसमें एंटी-डायबिटिक गुण होते हैं।
स्प्राउट्स का सेवन सुबह या शाम के नाश्ते में सबसे ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। इनमें दो या तीन तरह की दालें व सब्जियां मिलाकर खा सकते हैं। ज्यादातर लोग अंकुरित मूंग को ही प्राथमिकता देते हैं। लेकिन मूंग के अलावा मटर, चना, मूंगफली, राजमा, सोयाबीन, गेहूं, जैसे अनाज को भी अंकुरित रूप में लिया जा सकता है। इन्हें स्वादिष्ट बनाने के लिए इनमें टमाटर, प्याज, धनिया, खीरा, नीबू, काली मिर्च और नमक जैसी चीजों को भी मिलाया जा सकता है।