
नईदुनिया प्रतिनिधि,इंदौर। Health Tips: जिस तरह से पहले तापमान होता था, अब वैसा नहीं है। अब शहरीकरण के कारण तापमान काफी बढ़ गया है। वर्तमान में गर्मी का तापमान भी 40 डिग्री से अधिक पहुंच रहा है। जिसके कारण लू, उल्टी, दस्त आदि के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। इससे बचाव के लिए दोपहर के समय 12 से चार बजे तक यदि जरूरी काम नहीं है तो बाहर जाने से बचना चाहिए। यदि बाहर जा रहे हैं तो बुरी बाह के कपड़े पहने और सिर और मुंह को कपड़े से ढककर रखें। साथ ही तरल पदार्थ का सेवन भी करें। ओआरएस युक्त पानी पीना सेहत के लिए फायदेमंद होता है। यह बात एमजीएम मेडिकल कालेज के एसोसिएट प्रोफेसर और एमडी मेडिसिन डा. अशोक ठाकुर ने कहीं। वे बुधवार को नईदुनिया के हेलो डाक्टर कार्यक्रम में गर्मी में होने वाली बीमारियों से बचाव और समाधान पर पाठकों के सवालों के जवाब दे रहे थे। डा. ठाकुर ने बताया कि इसके अलावा दूषित पानी के कारण टायफाइड और पीलिया की समस्या भी हो रही है। जिससे बचाव के लिए हमें पानी उबालकर ही पीना चाहिए। साथ ही यदि बाहर का भी कुछ खा रहे हैं तो वहां भी ध्यान रखें कि सफाई का ध्यान रखा जा रहा है या नहीं। गर्मी में ठंडी चीजों के सेवन से भी बचना चाहिए, इससे सर्दी-खांसी होने की समस्या होती है। खानपान में हल्के खाद्य पदार्थ, पानी, छाछ, केपी पना आदि का सेवन करें। गर्मी में तरल पदार्थ का अधिक सेवन स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होता है।

डा. अशोक ठाकुर
सवाल- रात के समय में भी गर्म हवाएं चल रही है। ऐसे में अपनी सेहत का ध्यान कैसे रखें?
- विशाल राठौर, प्रजापति नगर
जवाब- अभी तापमान 40 डिग्री से ऊपर जा रहा है। ऐसे में हमें पानी तो अधिक मात्रा में पीना ही चाहिए, लेकिन साथ में सामान्य व्यक्ति को नमक और शक्कर युक्त पानी भी पीना चाहिए। हमें हाइजीन का भी ध्यान रखना चाहिए। यदि घर से बाहर भी निकले तो पानी की बोतल में नमक और शक्कर मिला लें।
सवाल- हमें बाहरी कार्य ज्यादा रहता है, ऐसे में सनबर्न के खतरे से कैसे बचें?
- नरेंद्र शर्मा, इंदौर
जवाब- इस मौसम में त्वचा संबंधित समस्या भी बढ़ जाती है। इस मौसम में सूती कपड़े पहनना चाहिए। वहीं धूप में बाहर जा रहे हैं कि शरीर को ढककर रखें। सनस्क्रीन का उपयोग चार घंटे के अंतराल में करते रहे।
सवाल- गर्मी में बच्चों को दस्त, बुखार, सर्दी-खांसी हो रही है। क्या करें?
- चंद्रप्रकाश संचेती, सुदामा नगर
जवाब- गर्मी में बच्चों को बाहर धूप में ना भेजे। उल्टी दस्त का कारण दूषित पानी भी हो सकता है। इसलिए पानी हमेशा उबालकर पीएं। वहीं ठंडी चीजों के सेवन से सर्दी-खांसी की समस्या हो सकती है। बच्चों को फ्रीज के बजाय मटके के पानी पीने की आदत डाले।
सवाल- गर्मी में बाहर नहीं जाता हूं, लेकिन फिर भी शरीर में खुजली की समस्या हो रही है।
- ओमप्रकाश नाईक, तुलसी नगर
जवाब- अभी बाहर का तापमान बढ़ा हुआ है, इसके चलते कमरे का तापमान भी बढ़ जाता है। यह घमोरिया हो सकता है। इसलिए कमरे को ठंडा रखें। साथ ही सुबह-शाम दो बाहर ठंडे पानी से नहाएं।
सवाल- तापमान बढ़ने के कारण टायफाइड की समस्या से कैसे बचें?
- हुकुमचंद कटारिया, सनावद
जवाब- टायफाइड दूषित पानी से होने वाली बीमारी है। इसलिए हमेशा पानी उबाले और उसे ही ठंडा कर पीना चाहिए। इस मौसम में खानपान का विशेष ध्यान रखना चाहिए। जहां खाना बना रहे हैं वहां भी सफाई का ध्यान रखें।
सवाल- गर्मी में होने वाली बीमारियों से कैसे बचाव करें?
- निर्मल मंगवानी, खंडवा रोड़
जवाब- दोपहर के समय में घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए। कमरे को ठंडा करने के लिए कूलर का उपयोग करें। साथ ही पानी भी अधिक मात्रा में पीएं। बाहर का खाने के बजाय घर पर बने हल्के भोजन का सेवन करें।