Health Tips: गर्मी के ये फल रखते हैं हमारा ध्यान,सेवन से शरीर बनता है सेहतमंद और बलवान
रसीला संतरा गर्मी में मन को खूब भाता है। विटामिन सी से भरपूर होने के कारण यह प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ाता है
By Manoj Kumar Tiwari
Edited By: Manoj Kumar Tiwari
Publish Date: Wed, 15 Mar 2023 09:55:00 AM (IST)
Updated Date: Wed, 15 Mar 2023 09:55:00 AM (IST)

Health Tips: गर्मी का मौसम चाहे कितना भी तपाने और परेशान करने वाला हो,लेकिन मौसमी फलों की मौजूदगी इसका एहसास नहीं होने देती।
वैसे तो आजकल सालभर भी इन फलों की आवक होती है, लेकिन खास तौर से इन्हें गर्मी का फल माना जाता है। जानिए गर्मी के मौसम में आने वाले उन फलों को, जो गर्मी में रखते हैं हमारा ध्यान।
- फलों का राजा आम
आम फलों का राजा कहलाता है। विश्व के अनेक देशों में आम की अलग-अलग जाति होती है। फिर भी हिंदुस्तान का प्रसिद्ध फल आम ही है। स्वाद, स्वास्थ्य एवं बल संवर्धन की दृष्टि से आम सभी फलों में आगे है। आम कई जाति के होते हैं। किन्तु सभी आमों के गुण एक से ही होते हैं। आम को खाने से पहले 2-3 घंटे पानी में रखने से गर्मी निकल जाती है।
अद्वितीय फल खरबूजा
यह ग्रीष्म ऋतु का अद्वितीय फल है। यह हर कहीं सहजता से उपलब्ध रहता है एवं सस्ता होने के कारण सभी खरीद सकते हैं। खरबूजा तृप्ति कारक, शीतल, बलवर्धक तथा पित्त, वायु, कब्ज निवारक है। शारीरिक श्रम के बाद यह फल खाने से थकान दूर हो जाती है तथा तृप्ति मिलती है।
पानी का खजाना तरबूज
इसका गूदा जितना लाल होगा, वह उतना ही मीठा, स्वादिष्ट तथा रसभरा होगा। इसमें 75 प्रतिशत पानी रहता है। वास्तव में यह ग्रीष्म ऋतु का सबसे मजेदार फल है। यह ग्रीष्म ऋतु में आनंद, मुख तृप्ति तथा स्वास्थ्य प्रदाता फल माना जाता है। तरबूज का हर हिस्सा काम का होता है, इसके छिलके की सब्जी भी बढ़िया बनती है।
रसीली लीची
इस मौसम में आने वाली लीची न केवल गर्मी में तापमान नियंत्रित रखने में मदद करती है, बल्कि पोषण भी देती है। यह आंखों और त्वचा के लिए बेहतरीन है। इसमें मौजूद एंटीआक्सीडेंट तत्व तनाव और झुर्रियों से भी बचाते हैं।
अंगूर
गर्मी के मौसम में खास तौर से मिलने वाले काले और हरे अंगूर शीतल और पौष्टिक होते हैं। इसमें भरपूर मात्रा में एंटीआक्सीडेंट होते हैं, जो आपको तनाव और बढ़ती उम्र से बचाते हैं। प्यास बुझाने में ये मददगार होते हैं।
संतरा
रसीला संतरा गर्मी में मन को खूब भाता है। विटामिन सी से भरपूर होने के कारण यह प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ाता है और वजन कम करने में भी मददगार है। रेशों से भरपूर संतरा आपके पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में मदद करता है।