Health News : तनाव के कारण न सिर्फ मानसिक बल्कि शारीरिक नुकसान भी हो रहा है। यही कारण है कि ब्लडप्रेशर यानी बीपी का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। हाइ ब्लडप्रेशर को साइलेंट किलर कहा जाता है तब भी तमाम लोग बेवजह तनाव व चिंता में बीमारी को आमंत्रण दे बैठते हैं। शरीर में सोडियम का असंतुलन, पोटेशियम की कमी के कारण भी यह समस्या होती है। हाई बीपी के कारण धमनियों में रक्त का दबाव बहुत बढ़ जाता है जो सेहत के लिए नुकसानदेह होता है। इस दशा में ह्दयघात, स्ट्रोक आदि का खतरा बढ़ता है।
जीवनशैली में बदलाव कर, तनाव से दूर रहकर बीपी से बचाव किया जा सकता है। तनावग्रस्त लोगों को चाहिए कि वे योग, ध्यान, व्यायाम का सहारा लें, स्वयं को व्यस्त रखें। मोटापा के कारण भी बीपी का खतरा रहता है। इसलिए खानपान पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।
वर्तमान में लोग फास्ट फूड, जंक फूड पर जोर दे रहे हैं। जिससे शरीर का वजन बढ़ने लगता है। इस दशा में न सिर्फ बीपी बल्कि तमाम बीमारियों का खतरा होता है। तमाम लोग ऐसे हैं जो भोजन करने के दौरान अतिरिक्त मात्रा में नमक का सेवन करते हैं। न सिर्फ नमक बल्कि शक्कर का सेहत पर प्रतिकूल असर होता है। जंक फूड में सोडियम ज्यादा मात्रा में रहता है। जिससे शरीर में असंतुलित सोडियम बीपी की समस्या बढ़ाती है। लिहाजा जंक फूड से पूरी तरह परहेज करना चाहिए।