
डिजिटल डेस्क, कोलकाता। चोरबागान क्षेत्र में स्थित सर्वजनिन दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम भगदड़ (Chorbagan Durga Puja Stampede) मच गई। हादसे में 19 लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घटना की पुष्टि की है। घटना गिरिश पार्क थाना क्षेत्र में शाम करीब 7:40 बजे हुई। पंडाल को आगंतुकों के लिए बंद कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार पंडाल हॉपर्स की भारी भीड़ और बारिश के कारण हालात बिगड़े। बारिश शुरू होते ही पंडाल के बाहर इंतजार कर रहे लोग अंदर की ओर दौड़ पड़े। इसी दौरान कुछ लोग सड़क पर गिर गए और भगदड़ मच गई। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि कई लोग बेहोश हो गए थे। कुछ घायलों को मोटरसाइकिलों पर अस्पताल ले जाया गया। मौके पर चारों तरफ अफरा-तफरी और भारी भीड़ थी।
कोलकाता पुलिस ने 14 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें कुछ पूजा आयोजक भी शामिल हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है। सभी घायलों को बचाकर कलकत्ता मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस, फायर ब्रिगेड, आपदा प्रबंधन और मेडिकल टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार ने पीड़ित परिवारों के लिए 25 लाख रुपये की सहायता राशि और सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है। साथ ही निष्पक्ष जांच के लिए मौजूदा जज की देखरेख में एसटीएफ यानी विशेष कार्य बल गठित किया जाएगा। उन्होंने सभी घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना की।
#WATCH | Kolkata, West Bengal: Visuals from outside the Chorbagan Sarbojanin Durga Puja pandal, where a stampede occurred last night, claiming the lives of 19 people https://t.co/iXU0KsawoW
— ANI (@ANI) October 18, 2026
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी, मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल, स्वास्थ्य मंत्री और अन्य वरिष्ठ अधिकारी घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे। लालबाजार कंट्रोल रूम में हेल्पलाइन नंबर 18003455678 और 03322141310 जारी किए गए हैं।