पाकिस्तान की जेल से छूटे 200 भारतीय मछुआरे,171 पहुंचे गुजरात, वडोदरा रेलवे स्टेशन पर स्वागत
वर्ष 2019 से 2022 के बीच पकड़े गये मछुआरों में से 200 को पाकिस्तान ने हाल ही मुक्त किया था।
By Navodit Saktawat
Edited By: Navodit Saktawat
Publish Date: Mon, 05 Jun 2023 05:47:42 PM (IST)
Updated Date: Mon, 05 Jun 2023 05:48:24 PM (IST)

पाकिस्तान की जेल से छूटे भारत के 200 मछुआरों में से करीब 171 मछुआरों के सोमवार को गुजरात पहुंचे, वडोदरा रेलवे स्टेशन पर इनका स्वागत कर बसों के जरिए उनके गृह जिलों में भेजा गया। मछुआरों के चेहरे पर अपने वतन पहुंचने की खुशी झलक रही थी।
अरब सागर में गोल्डन पिफश के लालच में कई बार मछुआरे अंतरराष्ट्रीय जल सीमा को पार कर पाकिस्तान की जल सीमा में प्रवेश कर जाते हैं अथवा कई बार पाकिस्तान मरीन एजेंसी अंतरराष्ट्रीय जल सीमा के पास मछली पकडने पहुंचे मछुआरों को गिरफ्त में ले लेती है। वर्ष 2019 से 2022 के बीच पकड़े गये मछुआरों में से 200 को पाकिस्तान ने हाल ही मुक्त किया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय विदेश मंत्री, केंद्रीय मत्स्य पालन मंत्री परसोत्तम रुपाला एवं गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के सतत प्रयासों के बाद इन मछुआरों को पाक जेल से मुक्ति मिली। गुजरात पुलिस की खास टीम इन्हें लेने वाघा बोर्डर पहुंची थी, विशेष ट्रेन के जरिए गुजरात के 171 मछुआरे सोमवार को वडोदरा रेलवे स्टेशन पहुंचे जहां उनका स्वागत किया गया तथा बसों के जरिए उनके ग्रह जिले के लिए रवाना किया गया।
इनमें सबसे अधिक गीर सोमनाथ के 129 मछुआरे, देवभूमि द्वारिका के 31, जूनागढ के 2, नवसारी के 5, पोरबंदर के 4 मछुआरे शामिल हैं। इसके अलावा पाकिस्तान जेल से मुक्त हुए मछुआरों में दीव के 15, बिहार के 3, महाराष्ट्र के 6, उत्तर प्रदेश के 5 मछुआरे शामिल हैं। सभी मछुआरों को पाकिस्तान प्रशासन एवं पुलिस अम्रतसर वाघा बोर्डर तक लाकर छोडा गया था।