
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध-प्रदर्शन के आह्वान को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने जा रही है। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिसबल पूरी तरह मुस्तैद है।
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए कनॉट प्लेस के रास्ते आगे बढ़ रहे सीजेपी के कई कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने रास्ते में ही रोककर हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने सभी रेलवे स्टेशनों पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (GRP/RPF) को निर्देश जारी किए हैं कि यात्रियों की सघन चेकिंग और पूछताछ की जाए। स्टेशनों पर यदि कोई भी व्यक्ति प्रदर्शन में शामिल होने के इरादे से आता हुआ पाया जाता है, तो उसे तत्काल हिरासत में लेने के आदेश दिए गए हैं।
जंतर-मंतर के आसपास 4 किलोमीटर क्षेत्र के साथ-साथ 45 मेट्रो स्टेशनों और आसपास के स्कूल-कॉलेजों के इलाके में इंटरनेट सेवाएं स्थगित कर दी गई हैं। जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्तों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
पूरी रात जगह-जगह बैरिकेडिंग कर वाहनों और पैदल चालकों की सघन चेकिंग की गई। सुबह 5:30 बजे सुरक्षाबलों की शिफ्ट बदली गई। दिल्ली पुलिस के साथ अर्धसैनिक बलों की टुकड़ियों को तैनात किया गया है। सभी वरिष्ठ अधिकारी और थाना प्रभारी (SHO) लगातार गश्त कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- CJP के प्रदर्शन में शामिल होने जा रहीं महाराष्ट्र की छात्राओं को इटारसी में हिरासत में लेने का मामला पहुंचा हाई कोर्ट
दिल्ली पुलिस के एडिशनल कमिश्नर (प्रवक्ता) राजीव रंजन के अनुसार, राजधानी में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। फिलहाल किसी भी सीजेपी कार्यकर्ता या समर्थक के नई दिल्ली सीमा में प्रवेश की सूचना नहीं है और न ही संगठन की ओर से सोशल मीडिया पर कोई नया अपडेट जारी किया गया है। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक नहीं होने दी जाएगी।