
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश भर में 'एनालॉग पनीर' (Non-Dairy/Artificial Paneer) के निर्माण और बिक्री पर पूरी तरह से पाबंदी लगाने की तैयारी अंतिम चरण में है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) इस संबंध में पूरे देश के लिए एक सख्त व केंद्रीय नीति बनाने जा रहा है। FSSAI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) राजित पुनहानी ने इस फैसले की आधिकारिक पुष्टि की है।
इस विषय पर ठोस कार्ययोजना बनाने के उद्देश्य से 24 सितंबर को नई दिल्ली में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की जा रही है। इस बैठक में देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के खाद्य सुरक्षा प्रतिनिधि शामिल होंगे।
गौरतलब है कि देश के आठ राज्य पहले ही अपने स्तर पर 'चीज एनालॉग' या नकली पनीर की बिक्री पर प्रतिबंध लगा चुके हैं। हालांकि, राज्यों की अलग-अलग कार्रवाइयों के कारण आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों को देखते हुए अब FSSAI केंद्रीय स्तर पर एक समान दिशानिर्देश लागू करने जा रहा है।
इससे पहले, अप्रैल महीने में भी FSSAI ने स्पष्ट किया था कि एनालॉग या वेजिटेबल ऑयल से बने उत्पादों को असली 'पनीर' बताकर बेचना खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम का सीधे तौर पर उल्लंघन है। प्राधिकरण ने सभी फ़ूड बिज़नेस ऑपरेटर्स (FBOs) को एनालॉग की खरीद, उपयोग और इन्वेंट्री का पारदर्शी रिकॉर्ड रखने के सख्त निर्देश दिए थे।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के बालोद में NH-30 पर बस ने बाइक सवार को 5 किमी तक घसीटा, एक पैर कट गया, शरीर बुरी तरह हुआ क्षत-विक्षत