
डिजिटल डेस्क। रेलवे ने समस्तीपुर मंडल के 31 रेलवे स्टेशनों पर अनारक्षित (जनरल) टिकट उपलब्ध कराने के लिए स्टेशन टिकट बुकिंग एजेंट (STBA) की बहाली प्रक्रिया शुरू कर दी है। नियुक्त एजेंट इन स्टेशनों पर यात्रियों को बिना आरक्षण वाले टिकट जारी करेंगे।
रेलवे की अधिसूचना के अनुसार, चयनित एजेंटों को टिकट जारी करने के बदले निर्धारित दर के अनुसार कमीशन दिया जाएगा। इच्छुक उम्मीदवार 26 दिसंबर तक अपने आवेदन पंजीकृत डाक, सामान्य डाक, कूरियर या सीधे कार्यालय में जमा कर सकते हैं। अंतिम तिथि के बाद जमा हुए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
स्टेशन टिकट बुकिंग एजेंट की नियुक्ति अवधि तीन वर्ष के लिए तय की गई है। आवेदन के साथ चरित्र प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, स्व-प्रमाणित फोटो, निर्धारित शुल्क का डिमांड ड्राफ्ट और अन्य आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य है। रेलवे ने स्पष्ट किया कि सभी एजेंटों को निर्धारित नियम और शर्तों का पालन करना होगा।
इस योजना के तहत मैट्रिक (10वीं) पास बेरोजगार युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। रेलवे का कहना है कि यह कदम स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, साथ ही यात्रियों के लिए टिकट सुविधा भी आसान बनेगी।
यह भी पढ़ें- IRCTC ने शुरू की रामायण यात्रा, 17 दिन में करें भगवान राम के 30 से ज्यादा स्थानों के दर्शन, मिलेंगी लग्जरी सुविधाएं
समस्तीपुर मंडल के जिन स्टेशनों पर एजेंट तैनात किए जाएंगे, उनमें शामिल हैं:
मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, सहरसा, रक्सौल, बापूधाम मोतिहारी, जयनगर, सीतामढ़ी, बेतिया, मधुबनी, नरकटियागंज, जनकपुर रोड, मधेपुरा, सुपौल, झंझारपुर, रुसेरा घाट, सिमरी बख्तियारपुर, चकिया, सुगौली, बगहा, बैरगनिया, लहरिया सराय, हरी नगर, बनमनखी, सकरी, पूर्णिया कोर्ट, मुरलीगंज, हसनपुर रोड, मोतीपुर, ललित ग्राम और खुदीराम बोस पूसा।