
डिजिटल डेस्क। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां बसोहली (बसोली) क्षेत्र स्थित सीआईएसएफ (CISF) कैंप में आपसी कहासुनी के बाद हुई गोलीबारी में चार जवानों की जान चली गई।
यह दर्दनाक हादसा हिमाचल प्रदेश की सीमा से सटे मशका गांव स्थित 'सेवा-III पावर प्रोजेक्ट' की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ यूनिट में मंगलवार (29 सितंबर 2026) को घटित हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पावर प्रोजेक्ट की सुरक्षा में लगे सीआईएसएफ कर्मियों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक जवान ने गुस्से में आकर अपने साथियों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
इस अचानक हुए हमले में सीआईएसएफ के असिस्टेंट कमांडेंट अंकित कुमार पांडे, सब-इंस्पेक्टर (SI) लक्ष्मण सिंह, कॉन्स्टेबल रफीक अहमद और कॉन्स्टेबल संदीप कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- 1 अक्टूबर से ATM, FD से लेकर NPS तक में होने वाले है बड़े बदलाव, देखें आपकी जेब पर क्या पड़ेगा असर
अपने ही साथियों पर गोलियां चलाने वाले आरोपी सीआईएसएफ कर्मी की पहचान अभिदेश सिंह के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए। पूरे कैंप को सील कर दिया गया है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई व घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।