
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और दिल्ली पुलिस के बीच टकराव जारी है। शनिवार को राजधानी में कड़ी सुरक्षा और शीर्ष नेताओं की धरपकड़ के बावजूद, सीजेपी ने आज रविवार सुबह 10 बजे फिर से जंतर-मंतर की ओर मार्च करने की घोषणा की है।
CJP के शीर्ष नेतृत्व पर हुई पुलिस कार्रवाई के बाद पार्टी ने अपनी रणनीति में बदलाव किया है। राष्ट्रीय संगठन इंचार्ज अजिंक्य शिंदे को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अगुवाई का जिम्मा दिया गया है। शिंदे ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से रविवार सुबह 10 बजे जंतर-मंतर पहुंचकर आंदोलन जारी रखने की अपील की है।
जुलाई में हुए हिंसक प्रदर्शनों से सीख लेते हुए दिल्ली पुलिस ने शनिवार को पूरी राजधानी को एक तरह से छावनी में बदल दिया, जहां 35,000 से अधिक पुलिस व अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए। नई दिल्ली जिले की सीमाओं को पूरी तरह सील कर चेकिंग अभियान चलाया गया। साथ ही आज जंतर- मंतर और उसके आसपास के इलाकों में धारा 163 लागू की गई है।
यह भी पढ़ें- CJP Protest: जंतर-मंतर पर केजरीवाल, ममता बनर्जी समेत कई बड़े नेता डिटेन, पुलिसकर्मियों पर पथराव; 2 घायल
सुप्रीम कोर्ट से प्रदर्शन की अनुमति न मिलने के बाद पुलिस ने धरपकड़ के लिए त्वरित कार्रवाई की, जहां यूट्यूबर ध्रुव राठी और सीजेपी नेता रत्ना सिंह को उनके गुरुग्राम स्थित आवास से पुलिस ने कस्टडी में लिया। CJP के प्रमुख नेताओं अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को लैंडिंग के तुरंत बाद विमान के भीतर से ही हिरासत में ले लिया गया।
दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के विरोध प्रदर्शन के समर्थन में मुंबई में भी व्यापक असर देखने को मिला। बिना प्रशासनिक अनुमति के सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 400 लोगों को हिरासत में ले लिया। मुंबई के अलग-अलग हिस्सों में हुए इस प्रदर्शन में कई प्रमुख नागरिक और राजनीतिक हस्तियां शामिल थीं।