गोवा रिश्वत मामले में लुइस बर्गर के अधिकारियों की हो गिरफ्तारी
कांग्रेस नेता राणे ने विधानसभा में उठाई मांग। ...और पढ़ें
By Edited By:
Publish Date: Thu, 30 Jul 2015 06:44:35 PM (IST)Updated Date: Thu, 30 Jul 2015 06:45:18 PM (IST)

पणजी। कांग्रेस नेता और गोवा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रतापसिंह राणे ने झूठा बयान दर्ज कराने वाले अमेरिकी फर्म लुइस बर्गर के अधिकारियों को "दुष्ट" कहा और उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की। गोवा विधानसभा में राणे ने गुरुवार को रिश्वत मामले की सीबीआई (केंद्रीय जांच ब्यूरो) से जांच कराने की मांग की। इस मामले में कंपनी और गोवा के एक पूर्व मंत्री कथित रूप से संलिप्त हैं।
राणे ने कहा, "टॉम, डिक और हैरी कुछ मजाकिया टिप्पणी करता है। वे लोग झूठा बयान देते हैं। तीनों कहते हैं कि उन्होंने किसी मंत्री को इतनी राशि पहुंचाई। उचित जांच कराने की जरूरत है। सिर्फ पूर्व मुख्यमंत्री को थाना में बुलाना अच्छा संकेत नहीं है। वह (दिगंबर कामत) एक सम्मानित विधायक हैं। आखिर उन्हें (लुइस बर्गर के अधिकारियों को) गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया है? उन दुष्टों को पकड़ा जाए। पूर्व मुख्यमंत्री को थाने में बुलाने जैसा काम दोबारा नहीं होना चाहिए।"
इस मामले में गोवा पुलिस की अपराध शाखा ने अभी तक पूर्व मुख्यमंत्री कामत और लोक निर्माण विभाग के पूर्व मंत्री चर्चिल अलेमाओ से पूछताछ की है। अमेरिकी कंपनी के अधिकारियों ने अदालत में एक भारतीय मंत्री को रिश्वत देना स्वीकार किया। इसके बाद मामले की जांच शुरू हुई। कंपनी के अधिकारियों ने 2010 में गोवा के जल शोधन और सीवरेज पाइप लाइन परियोजना का ठेका हासिल करने के लिए रिश्वत देना स्वीकार किया था।