AAP vs Congress in Delhi: आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस को दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम, '...नहीं तो, करवा देंगे इंडिया गठबंधन से बाहर'
अगले साल के शुरू में होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच बड़ा पंगा हो गया है। कांग्रेस नेता लगातार आम आदमी पार्टी के खिलाफ माहौल बना रहे हैं। इस पर अब आप नेताओं के सब्र का बांध टूट गया है और वे कांग्रेस के इंडिया गठबंधन से अलग करने की मांग उठा रहे हैं।
Publish Date: Thu, 26 Dec 2024 01:32:07 PM (IST)
Updated Date: Thu, 26 Dec 2024 02:23:06 PM (IST)
राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल के फाइल फोटो।HighLights
- अजय माकन ने केजरीवाल को बताया था एंटी नेशनलिस्ट
- यूथ कांग्रेस ने केजरीवाल-आतिशी के खिलाफ करवाई FIR
- AAP का आरोप- BJP के पैसे से चुनाव लड़ रहे कांग्रेसी
एजेंसी, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को कांग्रेस पर निशाना साधा। पार्टी सांसद संजय सिंह और मुख्यमंत्री आतिशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस मिले हुए हैं।
यही कारण है कि कांग्रेस के नेताओं ने अरविंद केजरीवाल समेत आम आदमी पार्टी के बड़े नेताओं को निशाने पर ले रखा है। दिल्ली कांग्रेस प्रमुख अजय माकन ने केजरीवाल को एंटी नेशनलिस्ट बताया है।
अब संजय सिंह और आतिशी ने मांग की है कि कांग्रेस पार्टी 24 घंटे के अंदर अजय माकन पर कार्रवाई करे, नहीं तो आम आदमी पार्टी अन्य दलों से मांग करेगी कि कांग्रेस को इंडिया गठबंधन से बाहर कर दिया जाए।
आप को हराने के लिए चुनाव लड़ रही कांग्रेस: आतिशी
- दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने लगाया कि कांग्रेस दिल्ली में आम आदमी पार्टी को हराने के लिए चुनाव लड़ रही है। बकौल आतिशी, ‘प्रत्याशियों की लिस्ट देखकर लगता है कि कांग्रेस का मकसद भाजपा को फायदा पहुंचाना है।’
- आतिशी ने कहा, अरविंद केजरीवाल के खिलाफ संदीप दीक्षित को कौन चुनाव लड़ा रहा है? यूथ कांग्रेस ने आप नेताओं के खिलाफ केस क्यों किए? कांग्रेस प्रत्याशियों को चुनाव लड़ने के लिए भाजपा से पैसा आ रहा है।
- वहीं, संजय सिंह ने भी अजय माकन के बयान पर आपत्ति लेते हुए कहा कि यदि केजरीवाल एंटी नेशनलिस्ट हैं, तो कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में उनसे प्रचार क्यों करवाया?
- संजय सिंह ने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव के समय भी हम आखिरी समय तक कांग्रेस के साथ गठबंधन करना चाहते थे। चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कोई बयानबाजी नहीं की।
- बकौल संजय सिंह- अब हद हो गई है। अब अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस के पास 24 घंटे का समय है। अजय माकन पर कार्रवाई नहीं होती है, तो हम कांग्रेस को इंडिया गठबंधन से बाहर करने की मांग सहयोगी दलों से करेंगे।
खबर अपडेट हो रही है…